पति बोला- “मैंने चुन्नी से गाला घोंटा” तो पत्नी बोली- “आप अपने पर मत लो, हम साथ थे, साथ में मारा….”, दिल दहला देने वाला हत्याकांड, दंपति ने मकान मालकिन की हत्या कर लाश के किए टुकड़े

ghaziabad murder accused 2 (1)
The Hindi Post

पति बोला- “मैंने चुन्नी से गाला घोंटा” तो पत्नी बोली- “आप अपने पर मत लो, हमें साथ थे, साथ में मारा….”, दिल दहला देने वाला हत्याकांड, दंपति ने मकान मालकिन की हत्या कर लाश के किए टुकड़े

 

यूपी के गाजियाबाद में एक किरायेदार दंपति ने मकान मालकिन की हत्या कर दी. उनके बीच किराये को लेकर विवाद था. इस खुन्नस में दंपति ने पहले तो मकान मालकिन का गला घोंट कर कत्ल किया फिर लाश के टुकड़े कर सूटकेस में भरकर बेड में छिपा दिया. खुलासा होने पर जब दंपति पकड़े गए तो उन्होंने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पति और पत्नी दोनों जुर्म को अपने सिर लेने की कोशिश करते नजर आए.

आपको बता दें कि गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित ओरा कायमेरा सोसाइटी में किरायेदार अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता ने 17 दिसंबर 2025 को अपनी मकान मालकिन दीपशिखा शर्मा की गला घोंटकर हत्या कर दी. दीपशिखा अपने फ्लैट नंबर-506 पर पिछला बकाया किराया वसूलने गई थीं, जहां विवाद होने पर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया.

हत्या के बाद उन्होंने शव को लाल रंग के सूटकेस में भरकर बेड के बॉक्स में छिपा दिया था. सोसाइटी के लोगों ने संदेह होने पर आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के सामने हत्यारोपियों के कबूलनामे ने सभी को हैरान कर दिया. उन्होंने कहा कि मकान मालकिन बहुत टॉर्चर करती थी. हमारा बाहर निकलना मुश्किल कर दिया था. इस दौरान पति कहता है कि कोई मेरी पत्नी को हाथ न लगाए, तो वहीं पत्नी कहती है कि इन्होंने नहीं उसे तो मैंने मारा.

दंपति का रोंगटे खड़े कर देने वाला कबूलनामा

कैमरे के सामने जुर्म स्वीकारते हुए अजय गुप्ता ने कहा, “मैंने चुन्नी से उसका गला घोंटा और फिर टुकड़े-टुकड़े कर दिए, लाश अंदर सूटकेस में है.” पत्नी आकृति ने भी साथ देते हुए कहा, “मेरा भी रोल है, हम दोनों ने मिलकर मारा.” दंपति ने हत्या की वजह प्रताड़ना को बताया. उनका आरोप है कि मकान मालकिन दीपशिखा किराये के लिए उन्हें खाना नहीं खाने देती थी और घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी थी. इसी अपमान और दबाव से तंग आकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया.

मेड को हुआ शक और खुला राज

जब दीपशिखा शर्मा देर रात तक अपने घर वापस नहीं लौटीं, तो उनकी मेड को अनहोनी का अंदेशा हुआ. वह उस फ्लैट पर पहुंची जहां दीपशिखा गई थीं. संदिग्ध हालात देख जब तलाशी ली गई, तो बेड के अंदर रखे एक लाल रंग के बैग से दीपशिखा का शव बरामद हुआ. सीसीटीवी फुटेज में मृतका को शाम के वक्त फ्लैट की तरफ जाते देखा गया था, लेकिन वह वापस बाहर नहीं निकलीं.

भागने की कोशिश में पकड़े गए आरोपी

वारदात के बाद आरोपी अजय और आकृति ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन सोसाइटी के सजग निवासियों ने उन्हें धर दबोचा. शोर सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई. पकड़े जाने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसका वीडियो भी सामने आया है. सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पाण्डेय ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और शव को कब्जे में ले लिया गया है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!