‘साइको महिला’ का खौफनाक कांड, खुद के बेटे समेत 4 को डुबोकर मार डाला, बताया क्यों करती थी ऐसा….?
आरोपी महिला ने पूछताछ में दिल दहला देने वाले खुलासे किए हैं / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
‘साइको महिला’ का खौफनाक कांड, खुद के बेटे समेत 4 को डुबोकर मार डाला, बताया क्यों करती थी ऐसा….?
हरियाणा के पानीपत से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है जो अब तक चार मासूम बच्चों की हत्या कर चुकी है. हैरान करने वाली बात यह है कि जिन बच्चों को उसने निशाना बनाया उनमें उसका अपना बेटा भी शामिल है.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला पूनम आकर्षक या सुंदर दिखने वाले बच्चों से जलन रखती थी और उनसे छुटकारा पाने के लिए सुनियोजित तरीके से उन्हें पानी में डुबोकर मार देती थी.
यह मामला तब उजागर हुआ जब 1 दिसंबर को नौलठा गांव में एक शादी समारोह के दौरान 6 वर्षीय बच्ची विधि का शव बाथरूम टब में मिला. बच्ची की लंबाई टब से ज्यादा थी जिससे हादसे की संभावना कम दिखाई दी. साथ ही बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया. सीसीटीवी फुटेज में पूनम को बार-बार अंदर-बाहर आते-जाते देखा गया जिसके बाद पूछताछ में उसने चौंकाने वाला सच स्वीकार किया.
एसपी भूपेंद्र सिंह के अनुसार, पूनम मानसिक रूप से विकृत प्रवृत्ति की है और सुंदर बच्चों से ईर्ष्या करती थी. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2023 में सोनीपत के बहोड़ गांव में नंद की बेटी और फिर अपने ही बेटे को पानी के हौद में डुबोकर मार चुकी है. साल 2025 में पूनम अपने मायके सिवाह गांव आई थी. यहां उसने रिश्ते में लगने वाली अपनी मासूम भतीजी को भी इस तरीके से ही पानी में डुबोकर मार डाला था. हर बार घटना को हादसा बताकर वह बच निकलती रही.
पुलिस ने 36 घंटों में मामले का खुलासा कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. उसके मानसिक स्वास्थ्य की जांच कराई जा रही है. इस घटना ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
