ट्रेन के आगे कूदा हाईस्कूल परीक्षा में टॉप करने वाला छात्र, बदहवास पिता बोले- “अब कैसे…..?”

kanpur suicide 2

18 वर्षीय इंटरमीडिएट छात्र रौनक ने हाई स्कूल में टॉप किया था / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)

The Hindi Post

ट्रेन के आगे कूदा हाईस्कूल परीक्षा में टॉप करने वाला छात्र, बदहवास पिता बोले- “अब कैसे…..?”

 

कानपुर के जूही यार्ड के पास से सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां प्री-बोर्ड परीक्षा के तनाव के चलते इंटरमीडिएट के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. स्वजन जब इकलौते बेटे की तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे तो जीआरपी ने उन्हें घटना की जानकारी दी. बेटे का शव देखकर परिवार रो-रोकर बदहवास हो गया.

प्राइवेट कर्मचारी आलोक पाठक कानपुर के साकेत नगर में रहते है. उनका 18 वर्षीय इकलौता बेटा रौनक पाठक कक्षा १२वीं का छात्र था. परिवार में पिता आलोक, मां ललिता और बड़ी बहन मिनी हैं. हाईस्कूल में रौनक ने 97.4% अंकों के साथ सिटी टॉपर का दर्जा हासिल किया था.

सुबह घर से निकला और फिर नहीं लौटा

पिता आलोक के अनुसार, सोमवार सुबह लगभग 6:30 बजे रौनक घर से बाइक लेकर निकला. जब घरवालों की नींद खुली तो बाइक और हेलमेट गायब था. पूछताछ के दौरान पता चला कि रौनक किसी दोस्त के घर भी नहीं गया था.

खोजबीन के दौरान गोविंदपुरी स्टेशन के पास बाइक खड़ी मिली जिसके बाद परिजन पैदल ही पटरियों के किनारे जूही यार्ड की ओर बढ़े. वहां मौजूद जीआरपी ने बताया कि एक युवक ट्रेन से कटकर मर गया है. शव देखकर परिजनों की चीख-पुकार गूंज उठी.

परीक्षा के दबाव से था परेशान

पिता ने मीडियाकर्मियों को बताया कि रौनक पढ़ाई में तेज था परंतु प्री-बोर्ड परीक्षा के शुरू होने के कारण वह तनाव में था. आशंका है कि इसी तनाव ने उसे यह कठोर कदम उठाने पर मजबूर किया होगा.

जीआरपी थाना प्रभारी ओमनारायण सिंह ने पुष्टि की कि छात्र ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली और परिजनों ने मौके पर शव की पहचान की.

“बेटा, हमें मझधार में छोड़कर कहां चला गया”

इकलौते बेटे की मौत ने परिवार को तोड़ दिया है. पिता आलोक रोते हुए कहते रहे, “बेटा, मझधार में छोड़कर तुम कहां चले गए? तुम्हारे बिना हम कैसे जिएंगे?”

पोस्टमॉर्टम परिक्षण के दौरान परिजनों और रिश्तेदारों ने उन्हें किसी तरह संभाला.

 

Hindi Post Web Desk


The Hindi Post
error: Content is protected !!