मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अधिकारियों को निर्देश, “घुसपैठियों” और “अवैध प्रवासियों” को डिटेंशन सेंटर में रखो और….
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों (DM) को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में रह रहे “घुसपैठियों” और “अवैध प्रवासियों” के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई करें. इसके साथ ही उन्होंने हर जिले में अस्थायी डिटेंशन सेंटर स्थापित करने के आदेश भी जारी किए हैं. इन डिटेंशन सेंटरों में अवैध प्रवासियों को रखा जाएगा.
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि कानून-व्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक जिले में अस्थायी डिटेंशन सेंटर बनाए जाएं. इनमें जिन “अवैध प्रवासियों” को रखा जाएगा उन्हें तय प्रोटोकॉल के अनुसार उनके मूल देश वापस भेजा जाएगा. साथ ही, जो विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के रहते पाए जाएंगे उन्हें सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने तक इन्हीं डिटेंशन सेंटरों में रखा जाएगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार सुबह शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी टीमों को सक्रिय कर जिले में रह रहे सभी घुसपैठियों और अवैध प्रवासियों की पहचान करे और उन्हें इसके लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया.
