बांग्लादेश में 5.7 तीव्रता के भूकंप के बाद बंगाल में लोगों ने महसूस किए झटके, अफरा-तफरी; कोई नुकसान नहीं
सांकेतिक तस्वीर
बांग्लादेश में 5.7 तीव्रता के भूकंप के बाद बंगाल में लोगों ने महसूस किए झटके, अफरा-तफरी; कोई नुकसान नहीं
कोलकाता | शुक्रवार सुबह बांग्लादेश में 5.7 तीव्रता का भूकंप आया. इसके कारण पश्चिम बंगाल के कई जिलों में हल्के झटके महसूस किए गए. इससे लोगों में दहशत फैल गई. अच्छी बात यह है कि जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है.
भूकंप के झटके सुबह 10.10 बजे के आसपास महसूस किए गए और ये कुछ सेकंड तक जारी रहे. बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले कोलकाता वासी घबराकर सड़कों पर निकल आए. अस्पतालों में भी मेडिकल स्टाफ और मरीजों के बीच दहशत देखी गई.
कोलकाता, नादिया, उत्तरी 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर ने झटके महसूस किए गए.
प्रशासन ने अपील की है कि लोग घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें.
इंजीनियरिंग विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही 5.7 तीव्रता को बहुत गंभीर भूकंप नहीं माना जाता लेकिन कोलकाता की कमजोर मिट्टी, घनी आबादी और ऊंची इमारतों की संख्या को देखते हुए इन झटकों को चेतावनी के रूप में लेना चाहिए. विशेषज्ञों ने कहा कि जलभराव वाली जमीन पर बनी अवैध इमारतें भूकंप में ज्यादा जोखिम में रहती हैं.
