ये क्या बोल गईं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ! “कश्मीर की परेशानियां लाल किले के ठीक सामने…”, दिल्ली ब्लास्ट पर महबूबा मुफ्ती के बयान से घमासान

MAHBUBA

जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की फाइल फोटो / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

ये क्या बोल गईं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ! “कश्मीर की परेशानियां लाल किले के ठीक सामने…” दिल्ली ब्लास्ट पर महबूबा मुफ्ती के बयान से घमासान

 

नई दिल्ली | जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (JKPDP) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, “आपने दुनिया को बताया कि कश्मीर में सब कुछ ठीक है लेकिन कश्मीर की समस्याएं लाल किले के सामने गूंज रही हैं. आपने जम्मू-कश्मीर को सुरक्षित बनाने का वादा किया था लेकिन उस वादे को पूरा करने के बजाय आपकी नीतियों ने दिल्ली को असुरक्षित बना दिया है.”

पूर्व सीएम की इस विवादित टिप्पणी ने राजनीति को भड़का दिया है. महबूबा मुफ्ती के इस बयान का भाजपा नेता विरोध कर रहे हैं. हरियाणा सरकार में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अनिल विज ने कहा कि महबूबा मुफ्ती पूरी तरह देश की भावना के विरुद्ध बात कर रही हैं.

विज ने कहा, “अगर महबूबा मुफ्ती कहती हैं कि दिल्ली में लाल किले के पास हुआ धमाका ‘कश्मीर की आवाज’ की अभिव्यक्ति थी तो वह आतंकवाद का समर्थन कर रही हैं. उन्होंने पहले भी आतंकवाद का समर्थन किया है. वास्तव में वह ‘आतंकवादियों की मां’ की तरह हैं.”

मंत्री अनिल विज ने आगे कहा, “जो इतनी बड़ी घटना को ‘कश्मीर की आवाज’ कह रही हैं तो इसका मतलब यह है कि आप ‘कश्मीर की आवाज’ उठाने के लिए देश में जगह-जगह विस्फोट करेंगे?”

एनडीए में शामिल जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा, “महबूबा मुफ्ती एक महत्वपूर्ण नेता हैं. वह न सिर्फ जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री थी बल्कि सबसे पहले वह एक भारतीय नागरिक हैं और भारत की संप्रभुता व अखंडता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. महबूबा मुफ्ती भी इसे नजरअंदाज नहीं कर सकती.”


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!