जम्मू-कश्मीर: नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए आकस्मिक विस्फोट में 9 की मौत, 29 घायल
धमाके के बाद कई इमारतों के शीशे टूट गए है (फोटो: आईएएनएस)
घटना का सारांश
-
श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए जोरदार आकस्मिक विस्फोट में 9 लोगों की मौत और 29 लोग घायल हुए हैं.
-
मृतकों में एक नायब तहसीलदार (एक्ज़िक्यूटिव मजिस्ट्रेट) और एक स्थानीय दर्जी भी शामिल हैं.
-
कई शव पूरी तरह झुलसे होने के कारण पहचान में समय लग रहा है.
-
घायलों को आर्मी बेस हॉस्पिटल, बादामी बाग और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
श्रीनगर | जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए आकस्मिक विस्फोट में 9 लोगों की मौत हो गई है जबकि 29 लोग घायल हुए है. आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मृतकों में एक नायब तहसीलदार (कार्यकारी मजिस्ट्रेट) और एक स्थानीय दर्जी शामिल हैं. कुछ शव पूरी तरह से जल चुके हैं इसलिए मृतकों की पहचान में समय लग रहा है.
सूत्रों ने आगे कहा कि घायलों को इलाज के लिए बादामी बाग क्षेत्र में सेना के बेस अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. सूत्रों ने यह भी बताया कि विस्फोट वाली सामग्री फरीदाबाद में छापेमारी के दौरान जब्त की गई थी. इस सामग्री को तब जब्त किया गया था जब वाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ था.
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात, आईजीपी और पुलिस के आला अधिकारी नौगाम पुलिस थाने में हुए आकस्मिक विस्फोट के बाद जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे.
यह विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए और नौगाम इलाके से 5-10 किलोमीटर दूर तक विस्फोट की आवाज सुनाई दी. इस विस्फोट के कारण पुलिस स्टेशन में खड़े कई वाहनों में आग लग गई और आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ियों को भेजा गया.
इस दुखद घटना पर कांग्रेस ने गहरा शोक व्यक्त किया है. पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से जारी बयान में कहा गया, “जम्मू-कश्मीर के नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए ब्लास्ट में कई लोगों की मृत्यु की खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है. ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति दें. कांग्रेस परिवार की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं.”
