दिल्ली ब्लास्ट: इतना जोरदार था धमाका कि एक डेड बॉडी पेड़ पर लटकी मिली

blast

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

सोमवार शाम को दिल्ली में जोरदार धमाका हुआ. शाम करीब सात बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक हुंडई i20 कार अचानक आग का गोला बन गई. इसने आसपास के इलाके को झुलसा दिया. धमाका इतना भयावह था कि 50 मीटर तक तबाही का असर दिखा और पीड़ितों के शरीर के हिस्से दूर-दूर तक बिखर गए. अब जांच एजेंसियों ने एक पेड़ पर लटकी हुई लाश बरामद की है जिससे मौत का आंकड़ा 10 तक पहुंच गया है.

विस्फोट की ताकत इतनी तीव्र थी कि एक व्यक्ति का शरीर सीधे हवा में उछल गया और कुछ मीटर दूर एक पेड़ में जाकर फंस गया. जांच एजेंसियों को यह लाश अगले दिन सुबह सबूत तलाशते वक्त दिखी. अधिकारी बताते हैं कि पहले मृतकों की संख्या आठ थी लेकिन इस शव के मिलने के बाद आंकड़ा दस तक पहुंच गया. यह नज़ारा इतना चौंकाने वाला था कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ पल तक सन्न रह गए.

जांच टीमों ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वे घटनास्थल की तलाशी ले रहे थे, तभी उनकी नज़र एक पेड़ की ऊंची शाखा पर पड़ी, जहां एक व्यक्ति का शरीर लटक रहा था. शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. अधिकारियों का कहना है कि यह शव ब्लास्ट के दौरान हवा में उछले व्यक्ति का हो सकता है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!