यूपी एसटीएफ और पुलिस ने कुख्यात इनामी बदमाश को किया ढेर, इन पांच जिलों में था तगड़ा नेटवर्क, 40 से ज्यादा दर्ज थे मुकदमें….
कुख्यात बदमाश वाकिब की फाइल फोटो / (फोटो क्रेडिट : X @azamgarhpolice)
यूपी एसटीएफ और पुलिस ने कुख्यात इनामी बदमाश को किया ढेर, इन पांच जिलों में था तगड़ा नेटवर्क, 40 से ज्यादा दर्ज थे मुकदमें….
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है. रौनापार थाना क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी वाकिब ढेर हो गया. वाकिब पर हत्या, लूट और गौ तस्करी समेत 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे. मौके पर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
मारा गया बदमाश वाकिब एक कुख्यात अपराधी था, जिसका आतंक सिर्फ आजमगढ़ तक सीमित नहीं था. पुलिस के अनुसार, उसका आपराधिक नेटवर्क गोरखपुर, कुशीनगर, संत कबीर नगर और जौनपुर समेत कुल पांच जिलों में फैला हुआ था.
वाकिब पर गौ तस्करी, हत्या, चोरी और लूट जैसे कई गंभीर मामलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज थे. लंबे समय से फरार चल रहे इस बदमाश पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था. पुलिस शिद्दत से उसकी तलाश में जुटी हुई थी.
एनकाउंटर की खबर फैलते ही रौनापार थाना इलाके में सनसनी फैल गई. स्थिति को नियंत्रण में रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. मुठभेड़ खत्म होने के बाद, पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने भारी बल की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है. उनका कहना है कि अब पुलिस की प्राथमिकता वाकिब के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों और सहयोगियों की तलाश करना और उन्हें पकड़ना है.
