डंपर का कहर, 10 गाड़ियों को मारी टक्कर, कई लोगों को रौंदा, 12 की मौत

jaipur accident 10 dead Nov 3 (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

डंपर का कहर, 10 गाड़ियों को मारी टक्कर, कई लोगों को रौंदा, 10 की मौत….

 

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार दोपहर को रूह को कंपा देने वाली घटना घट गई. यहां के हरमाड़ा इलाके में तेज रफ्तार डंपर ने 17 वाहनों को रौंद दिया. इस दर्दनाक घटना में 12 लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हो गए.

आईएएनएस के अनुसार, डंपर का ड्राइवर कथित तौर पर नशे में था. वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण दुर्घटना हुई और लोगों की जान चली गई.

यह हादसा शहर के लोहा मंडी इलाके में दोपहर करीब एक बजे हुआ. डंपर चालक वाहन को लोहा मंडी पेट्रोल पंप की तरफ ले जा रहा था जब वाहन पर से नियंत्रण छूट गया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि डंपर की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की थी. डंपर पर से नियंत्रण छूटते ही उसने कारों, दोपहिया वाहनों और पैदल जा रहे लोगों को रौंद डाला. वाहन रुका नहीं और वह गाड़ियों को टक्कर मारते चला गया. इस कारण चीख-पुकार मच गई. कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया. पीड़ितों के हाथ-पांव शरीर से अलग हो गए और सीकर रोड पर फैल गए. चारों तरफ खून बिखर गया. मंजर बहुत ही भयावह था.

पुलिस ने कहा कि डंपर खाली था और रुकने से पहले उसने 300 मीटर तक वाहनों को टक्कर मारी और उन्हें रौंद दिया. उन्होंने कहा कि तुरंत ही एम्बुलेंस को कॉल किया गया. मौके पर कई एम्बुलेंस पहुंचीं जिनके माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

पुलिस ने आगे बताया कि ड्राइवर को पकड़ लिया गया है. प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के समय डंपर चालक नशे में था.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और अतिरिक्त आयुक्त राहुल प्रकाश मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया.

बचाव अभियान कई घंटों तक चलता रहा इस दौरान मलबा हटाया गया. वही स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर हंगामा किया. उन्होंने मांग की कि यहां पर अंडर पास या बैरियर बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो.

इस हादसे का सीसीटीवी भी फुटेज सामने आ गया है. इसमें दिख रहा है कि डंपर वाहनों को कुचलते हुए चला जा रहा है. अधिकारियों ने इस घटना में जांच शुरू कर दी है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क (Inputs: IANS)

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!