दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले शूटर ढेर, यह बड़ी जानकारी आई सामने

DISHA PATANI

फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी की फाइल फोटो (आईएएनएस)

The Hindi Post

गाजियाबाद | यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है. बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित पैतृक निवास पर 12 सितंबर को ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी. इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए एसटीएफ ने बुधवार को गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया. इस मुठभेड़ में दोनों आरोपी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई.

पूरे मामले की शुरुआत 12 सितंबर की सुबह लगभग 3:45 बजे तब हुई जब दो बाइक सवार बदमाशों ने बरेली के सिविल लाइंस इलाके में दिशा पाटनी के विला नंबर 40 पर 10-15 राउंड गोली चलाईं थी. दिशा के पिता जगदीश सिंह पाटनी (सेवानिवृत्त डीएसपी), मां और बहन खुशबू पाटनी घर पर मौजूद थे लेकिन किसी को चोट नहीं लगी. थाना कोतवाली बरेली में मुकदमा दर्ज होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए.

एसटीएफ की नोएडा यूनिट, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली. इसके साथ ही आसपास के राज्यों के क्राइम रिकॉर्ड्स और तकनीकी निगरानी से दोनों बदमाशों की पहचान की गई.

आरोपी रविंद्र (पुत्र कल्लू, निवासी कहनी, रोहतक, हरियाणा) और अरुण (पुत्र राजेंद्र, निवासी इंडियन कॉलोनी, गोहना रोड, सोनीपत, हरियाणा) रोहित गोदारा-गोल्डी बरार गैंग के सक्रिय सदस्य थे. रविंद्र पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है.

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई जिसकी जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए. मौके से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल के साथ कई कारतूस बरामद हुए. एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया, “यह गैंग धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के बहाने सेलिब्रिटी परिवारों को निशाना बना रहा था. दिशा की बहन खुशबू पाटनी के कथित बयान को लेकर यह वारदात रची गई थी.”

गैंग ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी भी ली थी जिसमें प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य महाराज का अपमान बताया गया था. पुलिस ने परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!