पाकिस्तान संग मैचों पर भारत सरकार का बड़ा ऐलान …..
Photo Credit: Twitter@ICC
नई दिल्ली | खेल मंत्रालय ने गुरुवार को एक नई नीति जारी की जिसमें अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों पर भारत के रुख को रेखांकित किया गया. इसके तहत भारतीय टीम को पाकिस्तान में द्विपक्षीय सीरीज खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी. इसके साथ ही पाकिस्तानी टीम को भारत में भी द्विपक्षीय सीरीज खेलने की इजाजत नहीं होगी.
हालांकि, मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की ओर से आयोजित बहुपक्षीय टूर्नामेंट्स पर लागू नहीं होता है.
वहीं एशिया कप और ICC टूर्नामेंट जैसे मल्टीनेशन टूर्नामेंट का आयोजन अलग माना जाएगा. इनमें भारत भाग ले सकता है, बशर्ते वे किसी न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित हों.
मंत्रालय ने अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में कहा, “जहां तक एक-दूसरे के देश में द्विपक्षीय खेल आयोजनों का संबंध है, भारतीय टीमें पाकिस्तान में प्रतियोगिताओं में भाग नहीं लेंगी. न ही हम पाकिस्तानी टीमों को भारत में खेलने की अनुमति देंगे.”
भारतीय टीम और खिलाड़ी उन इंटरनेशनल इवेंट्स में हिस्सा ले सकते हैं जिनमें पाकिस्तान की टीमें या खिलाड़ी शामिल हों. इसी तरह, पाकिस्तानी खिलाड़ी और टीम, भारत की ओर से आयोजित बहुपक्षीय आयोजनों में हिस्सा ले सकेगी.
यह घोषणा पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर की गई है जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी. इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया था.
यूएई में एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है. भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. ग्रुप-ए में यह दोनों देश टी20 फॉर्मेट के इस टूर्नामेंट में 14 सितंबर को आमने-सामने होंगे.
टीम इंडिया एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगी. इसके बाद पाकिस्तान से हाईवोल्टेज मैच होगा. ग्रुप चरण में टीम इंडिया का अंतिम मुकाबला 19 सितंबर को ओमान से होगा.
