हाथ में नहीं था कोई हथियार, लुटेरों ने बैंक से 20 मिनट में की 14 करोड़ के सोने और 5 लाख कैश की लूट, पुलिस ने कहा-“अगर हमें…..”
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
हाथ में नहीं था कोई हथियार, लुटेरों ने बैंक से 20 मिनट में की 14 करोड़ के सोने और 5 लाख कैश की लूट, पुलिस ने कहा-“अगर हमें…..”
मध्यप्रदेश के जबलपुर में हथियारबंद लुटेरों ने 14 करोड़ रूपए से ज्यादा की कीमत का सोना लूट लिया. इस वारदात को खितौला इलाके में स्थित स्मॉल फाइनेंस बैंक में घुसकर सोमवार को अंजाम दिया गया.
लुटेरों ने 20 मिनट से भी कम के समय में इस वारदात को अंजाम दिया. इससे बैंक की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, डकैती की यह घटना सोमवार सुबह 8:50 बजे हुई जबकि बैंक खुलने का समय सुबह 10:30 बजे का है. रक्षाबंधन के त्यौहार के कारण बैंक सोमवार को जल्दी खुल गया था.
लुटेरे जो 5 से 6 की संख्या में थे, दो मोटरसाइकिलों पर आए थे. . उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था. इनमें से एक के पास कथित तौर पर हथियार था.
बैंक में घुसते ही इन लुटेरों ने 6 बैंक कर्मचारियों को धमकाया और उनको मजबूर किया कि वो करीब 15 किलो सोना और 5 लाख नकद उनके हवाले कर दें. बैंक कर्मचारियों ने बिना विरोध के सोना और नकदी लुटेरों के हवाले कर दी. इसके बाद लुटेरे सुबह 9 बजकर 8 मिनट पर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर भाग निकले.
डीआईजी अतुल सिंह और एसपी सम्पत उपाध्याय जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए.
आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, बैंक स्टाफ ने घटना की जानकारी पुलिस को देने में 45 मिनट की देरी की थी. पुलिस ने बैंक से सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिए हैं और इनकी जांच कर रहे हैं. इसके अलावा, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट्स मौके से फिंगर फ्रिंट्स जुटा रहे है. अपराधियों की धरपकड़ के लिए आस-पास के जिलों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है. शुरूआती जांच में यह पता चला है कि लुटेरे 15 किलो सोना, जिसकी कीमत लगभग 14 करोड़ रुपए हैं और 5 लाख नकद लेकर फरार हुए हैं.
घटना के समय बैंक में सिक्योरिटी गार्ड नहीं था. जांच में सामने आया यह बिंदु संदेह के घेरे में है. पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है.
पुलिस अधिकारी आदित्य सिंह ने कहा कि इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. “हमें विश्वास है कि हम जल्द ही उन्हें पकड़ लेंगे”.
IANS
