कई सांसदों और यात्रियों को लेकर जा रहा एयर इंडिया विमान किया गया डायवर्ट, हुई इमरजेंसी लैंडिग

Air India 11 (1) (1)

फाइल फोटो (आईएएनएस)

The Hindi Post

कई सांसदों और यात्रियों को लेकर जा रहा एयर इंडिया विमान किया गया डायवर्ट, हुई इमरजेंसी लैंडिग

 

 

चेन्नई | तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट की रविवार रात को चेन्नई में आपात लैंडिंग करानी पड़ी. इस विमान में कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता मौजूद थे जैसे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल. उन्होंने इस अनुभव को डरावना बताते हुए कहा कि बड़ा हादसा हो सकता था. उन्होंने सरकार से जांच और जवाबदेही तय करने की बात कही.

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई 2455, जिसमें मैं, कई सांसद और सैकड़ों यात्री सवार थे, भयावह रूप से त्रासदी के करीब पहुंच गई.”

उन्होंने आगे कहा, “यात्रा देरी से शुरू हुई और एक डरावने अनुभव में बदल गई. उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हमें उथल-पुथल का सामना करना पड़ा. लगभग एक घंटे बाद, कैप्टन ने बताया कि फ्लाइट सिग्नल खराब हो गया है और विमान को चेन्नई की ओर ले जा रहे हैं. करीब दो घंटे तक हम एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाते रहे और लैंडिंग की अनुमति का इंतजार करते रहे.”

कांग्रेस सांसद के मुताबिक, लगभग दो घंटे तक फ्लाइट चेन्नई एयरपोर्ट के ऊपर क्लियरेंस का इंतजार करती रही. पहली कोशिश में लैंडिंग के दौरान रनवे पर पहले से ही एक अन्य विमान मौजूद था. उस समय कैप्टन के त्वरित निर्णय से विमान को ऊपर खींच लिया गया और सभी यात्रियों की जान बच गई. फ्लाइट दूसरी कोशिश में सुरक्षित उतरी. वेणुगोपाल ने कहा, “हमें स्किल और किस्मत दोनों ने बचाया, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा किस्मत पर निर्भर नहीं हो सकती.”

उन्होंने आगे कहा, “मैं नागरिक उड्डयन महानिदेशालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से इस घटना की तत्काल जांच करने, जिम्मेदारी तय करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह करता हूं कि ऐसी चूक दोबारा कभी न हो.”

बता दें कि विमान में केरल के चार सांसद, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, यूडीएफ संयोजक अदूर प्रकाश, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कोडिकुन्निल सुरेश और के. राधाकृष्णन, और तमिलनाडु के एक सांसद रॉबर्ट ब्रूस सवार थे. लैंडिंग के तुरंत बाद मीडिया से बात करते हुए, के.सी. वेणुगोपाल ने इस घटना को “एक बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच जाना” बताया.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!