न्यूयॉर्क : बिल्डिंग में घुसा शख्स, की ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 की मौत, खुद की भी ली जान…
बिल्डिंग की लॉबी में हथियार के साथ चहलकदमी करता दिखा शूटर
न्यूयॉर्क : बिल्डिंग में घुसा शख्स, की ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 की मौत, खुद की भी ली जान…
न्यूयॉर्क | मैनहट्टन की एक गगनचुंबी इमारत में गोलीबारी की घटना घटी है. इस हमले में हमलावर समेत पांच की मौत हो गई है. सोमवार शाम को एक बंदूकधारी ने 36 वर्षीय पुलिस अधिकारी और तीन अन्य लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि एक अन्य शख्स इस घटना में घायल हो गया. बंदूकधारी ने बाद में खुद को भी गोली मार ली.
पुलिस और कानून प्रवर्तन सूत्रों ने ‘द पोस्ट’ को बताया कि 27 वर्षीय हमलावर की पहचान शेन तमुरा के रूप में हुई है. यह शख्स 44 मंजिला इमारत में घुस गया. यहां ब्लैकस्टोन और नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) के मुख्यालय है. इस शख्स ने शाम साढ़े छह बजे राइफल से गोलीबारी शुरू कर दी.
एनवाईपीडी कमिश्नर जेसिका टिश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शेन तमुरा ने लॉबी में कदम रखते ही लोगों पर हमला शुरू कर दिया. सबसे पहले उसने पुलिस अधिकारी दिदारुल इस्लाम को गोली मारी और उसके बाद अन्य लोगों पर फायरिंग की.
सूत्रों के अनुसार, दिदारुल इस्लाम को पीठ में गोली लगी और अस्पताल में उनकी मौत हो गई. इसके अलावा चार नागरिकों को भी गोली मारी गई थी. इनमें से तीन की मौत हो गई है.
जेसिका टिश ने बताया कि इसके बाद तमुरा ने खंभे के पीछे छिपी एक महिला को गोली मार दी और लॉबी में खड़े होकर फायरिंग करता रहा.
JUST IN 🚨 Dan Bongino said the FBI’s responding to an Active Sh**ter in New York City firing at Police Officers
Please Pray for our Brave Police Officers 🙏
— MAGA Voice (@MAGAVoice) July 28, 2025
हमलावर यहीं नहीं रुका, वह लिफ्ट की तरफ बढ़ा और डेस्क के पीछे छिपे एक सिक्योरिटी गार्ड पर गोली चला दी. इसके बाद तमुरा लिफ्ट से 33वीं मंजिल पर पहुंचा जहां रुडिन मैनेजमेंट का कार्यालय है. यहां उसने चलते-चलते गोलियां चलाईं जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई.
फायरिंग के बाद तमुरा ने खुद को उस गगनचुंबी इमारत के अंदर एक मंजिल पर बंद कर लिया और कुछ समय बाद उसे 33वीं मंजिल पर मृत पाया गया. सूत्रों के अनुसार, उसने खुद को ही गोली मार ली थी.
पुलिस ने तमुरा की राइफल, पाल्मेटो स्टेट आर्मरी एआर-15 असॉल्ट राइफल बरामद कर ली है जो खून से सनी हुई थी. घटनास्थल पर तमुरा के नाम से रजिस्टर्ड नेवादा नंबर की एक गाड़ी मिली.
सूत्रों के मुताबिक, तमुरा लास वेगास के एक कसीनो में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था.
अधिकारियों ने बताया कि हमलावर की ‘मेंटल हेल्थ हिस्ट्री’ रही है.
