मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर दिल दहला देने वाला हादसा….

Accident on expressway Mumbai Pune (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

लोनावला | महाराष्ट्र में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक साथ कई वाहन आपस में टकरा गए. इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि 17 लोग घायल हो गए है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर खालापुर टोल प्लाजा तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लोनावाला-खंडाला घाट इलाके में एक कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया था. यह कंटेनर पुणे से मुंबई जा रहा था. ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने कंटेनर पर से नियंत्रण खो दिया. इससे कंटेनर तेज रफ्तार में आगे बढ़ता चला गया और उसने कई वाहनों को टक्कर मार दी.

बताया जा रहा है कि कंटेनर ने डेढ़ से दो किलोमीटर के दायरे में एक के बाद एक वाहनों को टक्कर मार दी. इसमें छोटे वाहनों को भारी नुकसान हुआ. इस दुर्घटना में 15 से 17 वाहन आपस में टकरा गए. हादसे की तस्वीरें सामने आईं है जिनमें देखा गया कि कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए तो बड़े वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और राहत एवं बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं.

दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से घायलों को निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया. दुर्घटना में एक यात्री की मौत हो गई और करीब 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं. फिलहाल सभी यात्रियों को खोपोली के अस्पताल में लाया गया है.

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया. फंसे हुए वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं. पुलिस और स्थानीय अधिकारी सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं. भीड़भाड़ के कारण यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा जा रहा है.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!