एयर इंडिया की फ्लाइट में लगी आग……
Photo: IANS
नई दिल्ली | एयर इंडिया की फ्लाइट में मंगलवार को अचानक से आग लग गई. यह विमान हांगकांग से दिल्ली आ रहा था. एयर इंडिया ने इस घटना की जानकारी दी. एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से जारी बयान के अनुसार, दिल्ली हवाईअड्डे पर उतारते ही एयर इंडिया विमान के सहायक पावर यूनिट में आग लग गई.
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि आज हांगकांग-दिल्ली फ्लाइट एआई315 की लैंडिंग के तुरंत बाद उसमें आग लग गई. यह आग प्लेन की ऑक्सिलरी पावर यूनिट (एपीयू) में लगी.
यह घटना तब हुई जब यात्री फ्लाइट से उतरने लगे थे और सिस्टम डिजाइन के अनुसार एपीयू स्वचालित रूप से बंद हो गया. इस हादसे से विमान को कुछ नुकसान हुआ है. हालांकि, यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं.
एयर इंडिया ने कहा कि फ्लाइट को आगे की जांच पड़ताल के लिए रोक दिया गया है और नियामक को सूचित कर दिया गया है.
बता दें कि इससे पहले गुजरात के अहमदाबाद में उड़ान भरने के बाद कुछ ही देर में एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. हादसे के समय प्लेन में 242 लोग सवार थे, जिसमें 230 यात्री, 10 केबिन क्रू और दो पायलट थे. प्लेन क्रैश में सिर्फ एक यात्री को छोड़कर सभी अन्य यात्रियों की मौत हो गई थी.
एयर इंडिया की यह बोइंग 737 पैसेंजर फ्लाइट थी. फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए रवाना हो रही थी. यह दुर्घटना अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके के पास हुई थी. विमान टेक ऑफ के बाद क्रैश हुआ था.
IANS
