भारत में खुला टेस्ला का पहला शोरूम, मॉडल Y हुआ लॉन्च, इतनी है कीमत…
सांकेतिक तस्वीर (Photo Credit: Deposit Photos AI)
मुंबई | इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ने मंगलवार को भारत में अपनी रियर-व्हील ड्राइव (आरडब्ल्यूडी) मॉडल वाई को लॉन्च कर दिया. इसकी शुरुआती कीमत 59.89 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) रखी गई है.
टेस्ला मॉडल वाई लॉन्ग रेंज रियर-व्हील ड्राइव की कीमत इसकी (टेस्ला) वेबसाइट पर पब्लिश्ड प्राइस लिस्ट के अनुसार 67.89 लाख रुपए होगी.
मॉडल वाई की अमेरिका में शुरुआती कीमत 44,990 डॉलर, चीन में 263,500 युआन और जर्मनी में 45,970 यूरो है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, टेस्ला मॉडल वाई शुरुआत में मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम में उपलब्ध होगी और इसकी डिलीवरी इस साल की तीसरी तिमाही में शुरू होने की उम्मीद है.
टेस्ला मॉडल वाई (आरडब्ल्यूडी वर्जन) की रेंज एक बार फुल चार्ज करने पर 500 किमी होने का दावा किया गया है. यानि फुल चार्ज करने पर यह कार 500 किलोमीटर तक जा सकती है. लॉन्ग रेंज आरडब्ल्यूडी वर्जन की टेस्ला कार 622 किमी तक जा सकती है.
वहीं, चार्जिंग स्पीड की बात की जाए तो टेस्ला के फास्ट चार्जर की मदद से 15 मिनट में चार्ज करके 267 किमी की रेंज हासिल की जा सकती है. इसके अलावा यह इलेक्ट्रिक कार महज 5.6 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ सकती है. जबकि लॉन्ग रेंज रियर-व्हील ड्राइव वेरिएंट 5.9 सेकेंड में 0 से 100 किमी की स्पीड पकड़ सकता है. दोनों वर्जन की अधिकतम गति 201 किमी प्रति घंटा समान है.
इस कार के केबिन में 15.4-इंच का फ्रंट टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 8-इंच का रियर टचस्क्रीन, वेंटिलेशन वाली पावर्ड फ्रंट सीट, पावर्ड टू-वे फोल्डिंग और हीटेड सेकंड-रो, फुटवेल और डोर पॉकेट एम्बिएंट लाइटिंग, रैप-अराउंड एम्बिएंट लाइटिंग और नौ स्पीकर जैसे फीचर्स मिलते हैं.
टेस्ला का पहला शोरूम मुंबई में खुल गया है, जबकि कंपनी द्वारा दूसरा शोरूम दिल्ली में खोले जाने की उम्मीद है. टेस्ला का मॉडल वाई शुरुआत में मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम में उपलब्ध होगा.
इससे पहले, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में टेस्ला के पहले शोरूम ‘एक्सपीरियंस सेंटर’ का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि यह केवल एक एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन नहीं है बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि टेस्ला मुंबई शहर में आ गई है जो भारत की केवल आर्थिक, वाणिज्यिक और मनोरंजन की ही नहीं, उद्यमशीलता की राजधानी भी है.
