गुजरात की विसवादार सीट पर जीती ‘आप’, पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर भी आगे

Gopal Italia (1)

चुनाव आयोग के मुताबिक, AAP उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने विसवादार सीट से जीत दर्ज की है (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | देश के अलग-अलग राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित कर दिए गए. आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुजरात की विसवादार सीट पर जीत दर्ज की है जबकि पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर बड़ी बढ़त बनाए हुए है. पार्टी के प्रदर्शन पर आम आदमी पार्टी में जश्न का माहौल है.

चुनाव आयोग के मुताबिक, AAP उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने विसवादार सीट से जीत दर्ज की है. उन्हें 75,942 मत मिले हैं और उन्होंने भाजपा के कीर्ति पटेल को 17,554 वोट से मात दी है. आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जामनगर के लाल बंगले सर्किल पर गोपाल इटालिया की जीत का जश्न मनाया. इस दौरान उन्होंने पटाखे भी फोड़े.

आप नेता प्रकाश ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि गोपाल इटालिया ने उपचुनाव में जीत दर्ज की है जो गुजरात की राजनीति में नया अध्याय है. पिछले कई सालों से यहां भाजपा का दबदबा था लेकिन आज हमारी पार्टी ने यहां ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. यहां की जनता चाहती है कि अब धर्म की बजाए मुद्दों पर बात होनी चाहिए, इसलिए हमें जनता ने मौका दिया है.

वहीं, पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने 7,504 वोटों की लीड ले रखी है. कांग्रेस के भारत भूषण आशु दूसरे नंबर पर हैं और भाजपा के जीवन गुप्ता तीसरे स्थान पर हैं.

चुनाव आयोग के मुताबिक, लुधियाना पश्चिम सीट पर अब तक 11 राउंड की गिनती हो चुकी है जबकि अभी तीन राउंड की गिनती बाकी है और जल्द ही इस सीट पर नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे.

बता दें कि 19 जून को 5 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले गए थे.

भारतीय चुनाव आयोग के मुताबिक, 19 जून को केरल की नीलांबुर सीट पर उपचुनाव में 75.27 प्रतिशत वोट पड़े थे. पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर 73.36 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे. गुजरात की विसावदर सीट पर 56.89 प्रतिशत और कडी सीट पर 57.91 प्रतिशत मतदान हुआ था. पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर 51.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!