राजा रघुवंशी मर्डर केस में कौन है मास्टर मांइड ? मेघालय पुलिस ने बताया
पति राजा रघुवंशी के साथ सोनम रघुवंशी की फाइल फोटो / IANS
नई दिल्ली | राजा रघुवंशी मर्डर केस में हर बीते पल के साथ नए खुलासे हो रहे हैं. मेघालय पुलिस का दावा है कि सोनम ने ही राजा की हत्या का षड्यंत्र रचा और अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया.
अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि सोनम जिस शख्स को प्यार करती है उसका नाम राज कुशवाहा है. राज उम्र में सोनम से पांच साल छोटा है. वह सोनम के साथ रिलेशनशिप में था. सोनम ने राज के साथ मिलकर राजा को खत्म करने की साजिश रची थी. जांच में यह भी सामने आया है कि सोनम ने ही हनीमून के मौके पर मेघालय जाने का प्लान बनाया था और टिकट बुक कराए थे.
सोमवार को मेघालय के डीजीपी इदाशीशा नोंग्रांग ने दावा किया कि सोनम ने ही हत्यारों को सुपारी देकर मर्डर कराया.
वहीं, ‘सोनम के सरेंडर’ को लेकर उठी तमाम खबरों के बीच गाजीपुर के एसपी इराज राजा ने मीडिया को बताया कि उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस से सूचना मिली थी कि सोनम नाम की महिला काशी ढाबे में मौजूद है. कशी ढाबा वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर स्थित है.
पुलिस अधिकारी ने कहा, “हम मौके पर पहुंचे और हमें वहां सोनम मिल गई. उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया और फिर गाजीपुर के वन स्टॉप सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया. हम मध्य प्रदेश पुलिस और मेघालय पुलिस के संपर्क में हैं. उनकी टीमें जल्द ही यहां पहुंचने वाली हैं. वे आगे की जांच करेंगे. सोनम ने अपने परिवार के सदस्यों से बात की है.”
आपको बता दे कि राज कुशवाह की पहचान हत्या के कथित मास्टरमाइंड के रूप में की गई है. कॉल रिकॉर्ड डिटेल खंगाली जा रही है. सोनम और राज के बीच कथित तौर पर बातचीत होती थी. यह इंदौर और शिलॉन्ग पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ है. इसी के आधार पर राज कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया है.
मेघालय पुलिस ने सोमवार को पुष्टि की कि सोनम को गाजीपुर जिले (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया. उसने नंदगंज पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण किया था. सोनम पर अपने पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. पुलिस ने कहा कि सोनम ने इसलिए आत्मसमर्पण किया क्योंकि उस पर कई राज्यों की पुलिस का दबाव था. हत्या को अंजाम देने के आरोपी – विक्की ठाकुर, आनंद और आकाश को सोनम और राज कुशवाहा ने कथित तौर पर राजा को मारने की सुपारी दी थी.
IANS
