राजा रघुवंशी मर्डर मामले में कितनों की हुई गिरफ्तारी ? मेघालय के उपमुख्यमंत्री ने बताया…

SONAM RAGHUVANSHI 2

Photo: Social Media

The Hindi Post

शिलांग | मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने बताया कि राजा रघुवंशी हत्या मामले में अब तक 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. वहीं सोनम रघुवंशी को आगे की जांच के लिए मेघालय लाया जा रहा है.

इस मामले में यूपी के गाजीपुर से सोनम रघुवंशी के सरेंडर किए जाने के बाद नए-नए खुलासे हो रहे हैं. इस हत्याकांड को अंजाम देने के पीछे सोनम और उसके प्रेमी का नाम सामने आया है. हालांकि, सोनम का परिवार मेघालय पुलिस और सरकार पर आरोप लगा रहा है. सोनम का परिवार इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है.

सोनम के परिवार के आरोपों के बीच मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने बताया कि राजा रघुवंशी हत्या मामले में अब तक 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है जिसमें सोनम ने यूपी के गाजीपुर में सरेंडर किया है. अब उसे मेघालय लाया जाएगा और पूरे मामले की गहनता से जांच की जाएगी.

सोमवार को उन्होंने मीडिया से कहा कि पुलिस की ओर से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के तहत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सोनम ने यूपी में आत्मसमर्पण कर दिया है. इसलिए यह संख्या पांच हो गई है. इंदौर से राजा सिंह कुशवाहा और विशाल सिंह चौहान को गिरफ्तार किया गया है. ललितपुर से आकाश राजपूत को गिरफ्तार किया गया है. आनंद कुर्मी को सागर (बीना) से गिरफ्तार किया गया है.

सोनम के परिवार की ओर से सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि सोनम को आगे की जांच के लिए शिलांग लाने की प्रक्रिया जारी हैं. “राजा रघुवंशी हत्या मामले में लोगों की ओर से सरकार को दोषी ठहराया जा रहा है लेकिन हमने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा.”

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही सोनम के परिवार को अपने बयान भी वापस लेने होंगे. मेघालय पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोनम पर हत्या की साजिश रचने का दावा किया है.
उन्होंने बताया कि सोनम इतने दिनों से गायब थी लेकिन जैसे ही बीती रात राजा कुशवाहा और अन्य को गिरफ्तार किया गया, सोनम ने गाजीपुर में सरेंडर कर दिया. यह सरेंडर अपने आप में पूरी तस्वीर को साफ करने के लिए काफी है.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!