राजा रघुवंशी हत्या मामला : सोनम के पिता देवी सिंह ने दी पहली प्रतिक्रिया

SONAM RAGHUVANSHI

पति राजा रघुवंशी के साथ सोनम रघुवंशी की फाइल फोटो / IANS

The Hindi Post

इंदौर | राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में सोमवार को नया मोड़  तब आया जब कथित तौर पर लापता चल रही पत्नी सोनम रघुवंशी ने यूपी के गाजीपुर में सरेंडर कर दिया. मेघालय पुलिस के मुताबिक, राजा की हत्या में सोनम का हाथ रहा है. वहीं, सोनम के पिता देवी सिंह का कहना है कि उनकी बेटी निर्दोष है और उन्हें पूरा विश्वास है कि वो ऐसा नहीं कर सकती.

सोमवार को मीडिया से बातचीत करने के दौरान सोनम रघुवंशी के पिता देवी सिंह ने कहा, “मेरी बेटी निर्दोष है. मुझे अपनी बेटी पर भरोसा है. वह अपने पति को नहीं मार सकती है. उस पर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वो झूठे हैं.”

देवी सिंह ने बताया  कि गाजीपुर के एक ढाबे से सोनम ने अपने भाई को फोन किया था. इसके बाद ढाबा मालिक से बात हुई थी. सोनम के भाई ने इसकी जानकारी गाजीपुर पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ढाबे पर पहुंची और सोनम को अपने साथ ले गई. मैं अपनी बेटी से बात नहीं कर पाया हूं. मेरी बेटी ऐसा क्यों करेगी, वो अपने पति को क्यों मारेगी. राजा और उसकी शादी दोनों परिवारों की सहमति से हुई है.

सोनम के पिता ने मेघालय पुलिस पर कई सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “मेघालय पुलिस, प्रशासन शुरू से ही झूठ बोल रही है. मेरी बेटी खुद ही गाजीपुर पहुंची. हम मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर सीबीआई जांच की मांग करने की सोच रहे थे. मेघालय पुलिस कहानियां गढ़ रही है. सीबीआई जांच शुरू होने दीजिए, पुलिस स्टेशन (मेघालय में) के सभी अधिकारी सलाखों के पीछे होंगे. जब तक सीबीआई जांच इस मामले में शुरू नहीं होती है, हम चुप नहीं बैठने वाले हैं.”

बता दें, सोमवार की सुबह प्रदेश पुलिस की पीठ थपथपाते हुए मेघालय के सीएम कोनरॉड संगमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट डाला है जिसमें उन्होंने लिखा, “राजा हत्याकांड में मेघालय पुलिस को सात दिनों के भीतर एक बड़ी सफलता मिली है. मध्य प्रदेश के रहने वाले तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया गया है, महिला (सोनम) ने आत्मसमर्पण कर दिया है और एक अन्य हमलावर को पकड़ने के लिए अभियान अभी भी जारी है. बहुत बढ़िया मेघालय पुलिस.”

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!