कश्मीर में बड़ी समस्या थी, अनुच्छेद 370 के हटने से खत्म हो गई : कांग्रेस के बड़े नेता का बयान
नई दिल्ली | ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आउटरीच मिशन पर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने इंडोनेशिया में कहा कि अनुच्छेद 370 के हटने से जम्मू-कश्मीर में लंबे समय से चली आ रही अलगाववाद की समस्या खत्म हो गई है. सलमान खुर्शीद ने यह बात इंडोनेशियाई थिंक टैंक और शिक्षाविदों के सदस्यों के साथ बातचीत में कही.
सलमान खुर्शीद ने कहा, “अनुच्छेद 370 को आखिरकार हटा दिया गया.”
संविधान के अनुच्छेद 370 ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा दिया था, जिसे 5 अगस्त, 2019 को भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने निरस्त कर दिया था. निरस्तीकरण के बाद राज्य को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया गया. अब ये दोनों केंद्र शासित प्रदेश हैं.

जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आए खुर्शीद ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद प्रगति हुई है.
उन्होंने कहा, “इसके बाद 65 प्रतिशत भागीदारी के साथ चुनाव हुए. आज वहां एक निर्वाचित सरकार है.”
दक्षिण-पूर्व एशिया के दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हैं. भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी, बृज लाल, प्रदान बरुआ और हेमंग जोशी, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, सीपीआई (एम) के जॉन ब्रिटास और पूर्व भारतीय राजदूत मोहन कुमार दक्षिण-पूर्व एशिया के दौरे पर है.