अमृतसर के डिसेंट एवेन्यू के बाहर विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत, आतंकी संगठन से जुड़े तार

Amritsar Blast (1)

अमृतसर में जिस जगह हुआ ब्लास्ट वहां से उठता धुआं, मौके पर मौजूद पुलिस ने जांच भी की (फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

अमृतसर | अमृतसर के मजीठा रोड बाईपास स्थित डिसेंट एवेन्यू के बाहर एक विस्फोट हुआ है. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है. पुलिस के मुताबिक, मृतक के तार किसी आतंकी संगठन से जुड़े थे.

जानकारी के अनुसार, मजीठा रोड बाईपास पर स्थित डिसेंट एवेन्यू के बाहर यह विस्फोट मंगलवार सुबह हुआ. यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वहां मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

डीआईजी सतिंदर सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि सुबह मजीठा इलाके में एक धमाका हुआ था जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक आतंकवादी संगठन का सदस्य था और उसके पास विस्फोटक था जिसमें ब्लास्ट हुआ और उसकी मौत हो गई.

उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसका टारगेट क्या था. इसके अलावा, मृतक की जेब से हमें काफी अहम सामग्री मिली है जो कहीं न कहीं आतंकवादियों के साथ तार जोड़ रही है.

इससे पहले, घटना की जानकारी मिलने के बाद अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी मनिंदर पाल सिंह मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया था.

अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी मनिंदर पाल सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अमृतसर के मजीठा रोड बाईपास के पास स्थित कंबो पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में विस्फोट हुआ है. हमारी पुलिस टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और हमें ऐसा संदेह है कि यह व्यक्ति कुछ कंसाइनमेंट उठाने आया था. वह विस्फोटक की खेप लेने आया था और कुछ लापरवाही के कारण विस्फोट हो गया. इससे उसके चेहरे, हाथ और पैरों पर चोटें आईं.

वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि उस व्यक्ति के हाथ में बम था, जो उसके हाथ में ही फट गया और उसके दोनों पैर उड़ गए. उनका कहना है कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि वह किस लिए आया था या क्या कर रहा था.

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. हालांकि, वह व्यक्ति कौन है और कहां से आया था? पुलिस इसका भी पता लगा रही है.

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!