जीत का जश्न मना रहे थे लोग तभी कार ने रौंद डाला, 50 घायल
लंदन | ब्रिटेन के लिवरपूल से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां लिवरपूल फुटबॉल क्लब की प्रीमियर लीग जीत का जश्न मना रही भीड़ में एक कार घुस गई. इस हादसे में चार बच्चों समेत कम से कम 50 लोग घायल हुए है.
नॉर्थ वेस्ट एंबुलेंस सर्विस के अनुसार, कुल 27 लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं जिनमें से दो को गंभीर चोटें आईं है. इनमें एक बच्चा भी शामिल है.
पुलिस की सहायक मुख्य कांस्टेबल जेनी सिम्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस घटना को आतंकवाद से नहीं जोड़ा जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, 53 वर्षीय एक ब्रिटिश व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. माना जा रहा है कि वह कार का चालक था.
यह हादसा तब हुआ, जब सोमवार को लिवरपूल शहर में हजारों लोग जश्न मना रहे थे. हादसे के बाद कार वहीं रुक गई और आरोपी को पकड़ लिया गया. पुलिस ने यह खुलासा नहीं किया कि वाहन परेड मार्ग के बीच में कैसे पहुंचा.
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घायलों के प्रति संवेदना जताई है. उन्होंने एक बयान में कहा, “लिवरपूल की घटना भयावह हैं. मेरी संवेदनाएं सभी घायलों और प्रभावित लोगों के साथ हैं.”
🚨 Alternate angle of the car driving through crowds with zero hesitation at the Liverpool Premier League parade.
Some may find distressing.
— Liam A Diss (@BritFirst) May 26, 2025
प्रीमियर लीग ने भी एक बयान जारी कर कहा, “हम लिवरपूल में आज शाम की भयावह घटना से स्तब्ध हैं.”
प्रवक्ता ने आगे कहा, “हमारी संवेदनाएं सभी घायलों और प्रभावित लोगों के साथ हैं. हम आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय अधिकारियों को अपना पूरा समर्थन देना जारी रखेंगे.”
पुलिस और अग्निशमन अधिकारी पहले से ही परेड मार्ग पर थे जब वाहन स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे के आसपास भीड़ में घुस गया था.
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में एक गहरे रंग का वाहन तेजी से भीड़ में घुसता हुआ दिखाई दे रहा है. एक शख्स अचानक हवा में उछलता हुआ वीडियो में देखा जा सकता है तो वहीं अन्य लोग कार के आगे बढ़ने पर जमीन पर गिरे दिख रहे हैं.
