इंजीनियर के घर पड़ी रेड तो वह खिड़की से फेंकने लगा नोटों के बंडल…., वीडियो आया सामने
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
भुवनेश्वर | ओडिशा के विजिलेंस डिपार्टमेंट ने राज्य ग्रामीण विकास विभाग के चीफ इंजीनियर के घरों और कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है. छापेमारी में 2.52 करोड़ रुपये की नकदी समेत कई करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है. विजिलेंस डिपार्टमेंट के निदेशक यशवंत कुमार जेठवा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
आपको बता दे कि जिस इंजीनियर के यहां रेड हुई है वह शनिवार को रिटायर होने वाले हैं.
जेठवा ने कहा, “मुख्य अभियंता बैकुंठ नाथ सारंगी पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति (डीए) रखने का आरोप है. इसी क्रम में 30 मई, 2025 को ओडिशा सतर्कता विभाग द्वारा अंगुल, भुवनेश्वर और पुरी के पिपिली में उनके घरों की तलाशी ली जा रही है.”
दिलचस्प बात यह है कि विजिलेंस अधिकारियों को देखते ही सारंगी भुवनेश्वर स्थित अपने फ्लैट की खिड़की से 500 रुपये के नोटों के बंडल फेंकने लगे.
विजिलेंस डिपार्टमेंट की तलाशी टीम ने गवाहों की मौजूदगी में 500 रूपए के नोटों के बंडल बरामद किए.
ओडिशा में इंजीनियर के घर विजिलेंस की टीम ने छापामारी की। जैसे ही इंजीनियर को रेड की जानकारी मिली वह घर की खिड़की से नगदी फेंकने लगा। इंजीनियर के घर से टीम ने 2 करोड़ रुपये जब्त किए हैं।#OdishaNews #BreakingNews pic.twitter.com/MiYWmNYWE0
— Piyush Pandey (@piyush_bebak_) May 30, 2025
विजिलेंस डिपार्टमेंट ने अंगुल स्थित इंजीनियर सारंगी के घर से 1.30 करोड़ रुपये और भुवनेश्वर स्थित उनके फ्लैट से 1.21 करोड़ रुपये बरामद किए. विजिलेंस विभाग की टीम ने आठ पुलिस उपाधीक्षकों, 12 निरीक्षकों, छह सहायक उपनिरीक्षकों और अन्य सहायक कर्मचारियों के साथ मिलकर सारंगी के घर और अन्य जगहों की तलाशी ली. तलाशी लेने के लिए विशेष न्यायाधीश, विजिलेंस, अंगुल द्वारा जारी सर्च वारंट को आधार बनाया गया था.
सतर्कता अधिकारियों ने यह भी पता लगाया कि सारंगी के पास अंगुल में दो बहुमंजिला इमारतें और दो फ्लैट हैं, साथ ही भुवनेश्वर और अंगुल के पॉश इलाकों में सात महंगे प्लॉट का भी वह मालिक है.
मीडिया से बात करते हुए जेठवा ने आगे कहा कि सतर्कता तकनीकी विंग सारंगी से जुड़े घरों की तलाशी के दौरान अब तक सामने आई उपरोक्त इमारतों, फ्लैटों और प्लॉटों की माप और मूल्यांकन कर रही है.
जेठवा ने मीडिया को बताया कि विजिलेंस विभाग आने वाले दिनों में सारंगी के अधीन मौजूदा परियोजनाओं और अन्य स्वीकृतियों की भी जांच शुरू करेगी और जांच के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई होगी.
विजिलेंस अधिकारियों को शक है कि तलाशी के दौरान और भी संपत्ति का पता चल सकता है. उन्होंने कहा कि तलाशी का काम अभी भी जारी है.
By IANS
