फंदे पर झूल रही थी युवक की लाश, पत्नी और बच्चे… एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी
सांकेतिक तस्वीर (इंग्लिश पोस्ट)
उन्नाव | उन्नाव (यूपी) के अचलगंज थाना क्षेत्र से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक युवक उसकी पत्नी और दो बेटियों की लाश मिली.
पुलिस को युवक अमित का शव फंदे से लटका मिला जबकि पत्नी और दो बेटियों के शव चारपाई पर पड़े मिले. मामले की जांच पुलिस फोरेंसिक टीम की मदद से कर रही है. घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक भूकर ने बताया, “उन्नाव के अचलगंज के साहबखेड़ा गांव में अमित नाम के एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है. प्रथम दृष्टया मामला पत्नी और दो बच्चियों को मारकर फिर खुद को फांसी लगाने का लग रहा है. पुलिस गहनता से सभी तथ्यों की जांच कर रही है जिसके आधार पर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
पड़ोसियों ने बताया, “अमित के पिता उमेश अन्य बेटों के साथ रिश्तेदार की शादी में रायबरेली गए थे. सोमवार को अमित का शव घर पर लटका मिला. अंदर से दरवाजा बंद था. दरवाजा बंद होने के कारण घर की छत से जाकर शव को उतारा गया. वहीं बगल में उसकी पत्नी और दोनों बेटियां चारपाई पर पड़ी थीं. पत्नी के गले के पास रखे तकिया से अनुमान लगाया जा रहा है कि अमित ने इसी तकिया से सभी का गला घोटा और फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी.
IANS
