पाकिस्तानियों को 48 घंटे में भारत छोड़ने का आदेश, क्या होगा सीमा हैदर का?

seema haidar

सीमा हैदर (फाइल फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

नोएडा | जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं. इनमें से एक बड़े फैसले के तहत देश में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने और 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का आदेश जारी किया है.

इस फैसले के बाद सबसे अधिक चर्चा में सीमा हैदर आई हैं. सीमा पाकिस्तान से अवैध रूप से भारत आई थी और अब ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में भारत के सचिन मीणा की पत्नी के रूप में रह रही है. सीमा हैदर भारत में अवैध रूप से नेपाल के रास्ते दाखिल हुई थी. भारत आने के बाद सीमा ने सचिन मीणा से शादी कर ली. दोनों की मुलाकात ऑनलाइन गेम पबजी के जरिए हुई थी.

सीमा अब सचिन के साथ रह रही है और दोनों का एक बच्चा भी है जिसका जन्म भारत में हुआ है. सरकार के ताजा आदेश के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या सीमा हैदर को भी भारत छोड़ना होगा?

जानकारों की मानें तो मामला जटिल है. पहली बात यह कि सरकार ने उन पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द किए हैं जो वैध रूप से भारत में रह रहे थे, जबकि सीमा हैदर बिना वीजा के अवैध रूप से भारत आई थीं. इसलिए यह आदेश उस पर सीधे तौर पर लागू नहीं होता. दूसरी बात, सीमा अब एक भारतीय नागरिक की पत्नी है और उनके बच्चे का जन्म भारत में हुआ है, जिससे मानवीय और कानूनी पहलू इस मामले में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

गौरतलब है कि सीमा की नागरिकता और भारत में उसके अवैध प्रवेश से जुड़ा मामला अदालत में लंबित है.

सीमा हैदर के वकील एपी सिंह के मुताबिक, सीमा को एक बच्ची हुई है जो अभी अस्पताल में है. सीमा की मर्सी पिटिशन पहले ही दाखिल की जा चुकी है और भारत सरकार से संपर्क में हैं.”

उन्होंने कहा, “सीमा अब भारत की बहू है और उसकी नागरिकता की प्रक्रिया भी चल रही है.”

हालांकि, बढ़ते भारत-पाकिस्तान तनाव और राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है. सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सीमा की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं. अंतिम फैसला अदालत के निर्णय और सरकार की नीति पर निर्भर करेगा. फिलहाल, केंद्र सरकार की ओर से सीमा हैदर के मामले में कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है.


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!