भाजपा सांसद ऐसा बैग लेकर पहुंची JPC बैठक में कि हर कोई उसे देखता रह गया
फोटो: आईएएनएस
नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद बांसुरी स्वराज मंगलवार को संसद भवन में ‘एक देश, एक चुनाव की संयुक्त संसदीय समिति’ की बैठक में शामिल होने पहुंची. इस दौरान उन्होंने एक बैग लिया हुआ था. इस बैग ने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया.
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के बैग पर लिखा था, “नेशनल हेराल्ड की लूट.”
उन्होंने अपने बैग के जरिए गांधी परिवार पर सांकेतिक तरीके से निशाना साधने की कोशिश की.
इसके साथ ही इसी संबंध में उनका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह नेशनल हेराल्ड मामले में गांधी परिवार पर सवाल उठाती दिख रही हैं.
इस वीडियो में भाजपा सांसद कहती हुई नजर आ रही हैं, “यह पहली बार है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानि मीडिया को लेकर भी भ्रष्टाचार हुआ है. हाल ही में जो चार्जशीट ईडी ने दाखिल की है उससे कई तरह के गंभीर आरोप उजागर होते हैं. इसमें कांग्रेस की एक पुरानी कार्यशैली उभरकर सामने आ रही है.”

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, “वह सेवा की आड़ में अपनी व्यक्तिगत संपत्ति बढ़ाने में जुटी है. यह बहुत ही गंभीर मामला है. दो हजार करोड़ रुपए की संपत्ति कौड़ियों के भाव मात्र 50 लाख रुपए में यंग इंडिया लिमिटेड कंपनी ने हड़प ली. यह ऐसी कंपनी है, जिसका 76 फीसदी स्वामित्व गांधी परिवार के पास है, इसलिए उनकी जवाबदेही बनती है, न केवल देश की जनता के सामने, बल्कि 25 अप्रैल को कोर्ट के सामने भी.”
#WATCH | Delhi: BJP MP Bansuri Swaraj arrives at Parliament Annexe building to attend JPC meeting on ‘One Nation One Election’ carrying a bag with ‘National Herald Ki Loot’ written on it pic.twitter.com/i4zhdkdF0m
— ANI (@ANI) April 22, 2025
खास बात यह है कि भाजपा के तमाम दिग्गज नेता नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस और गांधी परिवार पर सवालिया निशान उठा रहे हैं. भाजपा का कहना है कि नेशनल हेराल्ड मामले से कांग्रेस पार्टी का असली चरित्र देश की जनता के सामने आ गया है. कांग्रेस और गांधी परिवार ने जिस तरह से नेशनल हेराल्ड घोटाले को अंजाम दिया, उसके लिए उन्हें सजा मिलनी चाहिए.
यहां तक कि भाजपा सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन भी कर चुकी है.
