खूब गरजा बुलडोजर, अवैध निर्माणों को किया गया धराशाई, 150 करोड़….

bulldozer (1) (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

नोएडा | नोएडा प्राधिकरण ने हिंडन और यमुना नदियों के डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और फार्म हाउसों के निर्माण को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया.

डूब क्षेत्र में हो रहे अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत बुधवार सुबह 10 बजे ग्राम हेबतपुर में बड़ी संख्या में अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया. यह संयुक्त अभियान नोएडा प्राधिकरण, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग (तहसील दादरी) और पुलिस बल की उपस्थिति में चलाया गया.

कार्रवाई के दौरान लगभग 120 बीघा डूब क्षेत्र की भूमि को अवैध निर्माणों से मुक्त कराया गया. इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 150 करोड़ रुपए बताई जा रही है.

ध्वस्तीकरण अभियान में नोएडा प्राधिकरण के लगभग 250 कर्मचारी, 3 जेसीबी मशीनें और 5 डंपर तैनात किए गए. इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में तेजी से फैल रही अवैध कॉलोनियों और भू-माफियाओं पर सख्त नियंत्रण स्थापित करना है.

मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा ने आमजन को चेतावनी दी है कि वे डूब क्षेत्र या अधिसूचित क्षेत्र में हो रही अवैध प्लॉटिंग और निर्माण गतिविधियों से दूर रहें. उन्होंने स्पष्ट किया कि इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का निर्माण पूर्णतः प्रतिबंधित है.

उन्होंने भू-माफियाओं और अवैध कॉलोनी बनाने में संलिप्त अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के निर्माणों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. अनधिकृत निर्माणों को न केवल ध्वस्त किया जाएगा बल्कि इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे.

नोएडा प्राधिकरण की इस सख्त कार्रवाई ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि डूब क्षेत्र में अब अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई होती रहेगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!