हिन्दू मंदिर में तोड़फोड़, लिखे गए “भारत विरोध” नारे

BAPS Temple (1) (1)
The Hindi Post

कैलिफोर्निया | कैलिफोर्निया (अमेरिका) के चिनो हिल्स में स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में रविवार को तोड़फोड़ की गई और वहां की दीवारों पर “भारत विरोधी” संदेश लिख दिए गए. यह मंदिर चिनो हिल्स के सबसे बड़े हिन्दू मंदिरों में से एक है.

इस घटना की जानकारी अमेरिका में बीएपीएस संगठन ने एक्स पर पोस्ट के जरिए दी. बीएपीएस संगठन ने कहा, “वे नफरत को कभी पनपने नहीं देंगे और शांति व करुणा की जीत होगी.”

बीएपीएस संगठन ने कहा, “एक बार फिर से हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया है. इस बार निशाने पर रहा चिनो हिल्स, कैलिफोर्निया में स्थित हिन्दू मंदिर. लेकिन हिंदू समुदाय एकजुट होकर नफरत का सामना करेगा. हम फरत को फैलने नहीं देंगे. हमारी समान मानवता और आस्था शांति और करुणा को बनाए रखेगी.”

हालांकि, चिनो हिल्स पुलिस विभाग ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.

उत्तरी अमेरिका के हिंदुओं के संगठन ने भी इस घटना की जानकारी ‘एक्स’ पर साझा की है. उन्होंने बताया, “यह घटना लॉस एंजिल्स में होने वाले कथित ‘खालिस्तान जनमत संग्रह’ से पहले हुई है.”

मंदिर पर लिखे गए ‘हिंदू वापस जाओ’ जैसे संदेशों ने स्थानीय हिंदू समुदाय को चिंता में डाल दिया है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए समुदाय ने एकजुट रहने का संकल्प लिया.

उत्तरी अमेरिका के हिंदू संगठन ने अपनी पोस्ट में लिखा, “एक और हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया— इस बार चिनो हिल्स में स्थित प्रसिद्ध बीएपीएस मंदिर को. यह तब हो रहा है जब दुनिया के कई मीडिया और शिक्षाविद यह मानने से इंकार करते हैं कि हिंदुओं के खिलाफ किसी भी तरह की नफरत है और हिंदू विरोधी मानसिकता सिर्फ एक कल्पना है. यह घटना ऐसे समय पर हुई जब लॉस एंजिल्स में कथित ‘खालिस्तान जनमत संग्रह’ की तारीख करीब आ रही है.”

इस पोस्ट में 2022 से अब तक हिंदू मंदिरों में हुई तोड़फोड़ की अन्य घटनाओं का भी जिक्र किया गया है और इसकी जांच की मांग की गई है.

बता दें कि, पिछले साल भी ऐसे मामले सामने आए थे. 25 सितंबर की रात कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़ की गई थी.

IANS/Hindi Post Web Desk


The Hindi Post
error: Content is protected !!