बस में युवती से रेप का मामला: आरोपी दत्तात्रय गाडे को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कैसे चढ़ा आरोपी पुलिस के हत्थे…..

Pune rape case accused (1)

पुणे रेप केस का आरोपी (फाइल फोटो)

The Hindi Post

पुणे | पुणे रेप केस के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं. दत्तात्रय गाडे पर 26 साल की युवती से दुष्कर्म करने का आरोप हैं. गाडे ने स्वारगेट बस अड्डे के अंदर खड़ी एक बस में वारदात को अंजाम दिया था.

पुणे पुलिस ने गाडे को शिरुर से गिरफ्तार किया. यहां उसे पकड़ने के लिए ड्रोन उड़ाए गए थे. साथ ही डॉग स्क्वाड की मदद ली जा रही थी. पुलिस की 13 टीमें आरोपी को ढूंढ रही थी. वह पुणे के गुनट गांव का रहने वाला हैं. उसके खिलाफ पुणे और अहिल्यानगर जिलों में चोरी, लूट और चेन-स्नैचिंग के छह से ज्यादा मामले दर्ज हैं. वह 2019 से जमानत पर बाहर था.

पुणे शहर और पुणे ग्रामीण पुलिस ने गुनट गांव में तलाशी अभियान चलाया था. यहां के गन्ने के खेतों में ड्रोन और डॉग स्क्वाड का इस्तेमाल किया गया. अधिकारियों ने बताया कि 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे थे.

दत्तात्रय गाडे रात साढ़े दस बजे अपने रिश्तेदार महेश के घर पहुंचा. यहां पहुंचने के बाद उसने अपने रिश्तेदारों से एक बोतल पानी मांगा. उसने कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई हैं. इसके साथ ही उसने आत्मसमर्पण करने की इच्छा भी जताई. इस बीच, रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दे दी. गाडे तो वहां से निकल गया लेकिन पुलिस ने महेश के घर के आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाना शुरू कर दिया.

पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली. गाडे द्वारा पहनी गई शर्ट को कुत्तों से सूंघवाया गया. इसके आधार पर डॉग स्क्वॉड ने पुलिस को वो रास्ता बताया जिससे गाडे गुजरा था. बाद में पता चला कि वह अपने रिश्तेदार के घर के पास ही एक जगह पर सो रहा था.

ग्रामीणों ने गाडे को महेश के घर के आसपास देखा था. उन्होंने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाडे को गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी स्वारगेट पुलिस स्टेशन की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने रात करीब 1:25 बजे की. इसके बाद, गाडे को तुरंत पूछताछ के लिए पुणे के लश्कर पुलिस स्टेशन ले जाया गया.

बता दें कि पुणे का स्वारगेट, महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के सबसे बड़े बस डिपो में से एक हैं. पीड़िता ने बताया कि वह मंगलवार सुबह 5:45 बजे सतारा जिले के फलटन जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी. तभी गाडे वहां आया और उसने उसे (पीड़ित महिला) ‘दीदी’ कहकर संबोधित किया. उसने कहा कि सतारा की बस दूसरी जगह खड़ी है. पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को एक खाली खड़ी एसी बस में ले गया. बस में लाइट नहीं नहीं थी इसलिए युवती हिचकिचाई लेकिन गाडे ने उसे भरोसा दिलाया कि यह सही बस हैं जो सतारा जाएगी. युवती के बस में चढ़ते ही वह भी बस में चढ़ गया. यहां उसने युवती से बलात्कार किया.

आरोपी दत्तात्रय रामदास गाडे (37) दो दिन से अंडरग्राउंड था. पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए 1 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी.

इस घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि सरकार आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग करेगी. वहीं, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने राज्य के सभी बस स्टैंड और डिपो की सुरक्षा जांच के आदेश दिए हैं.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!