शादी समारोह में घुसा तेंदुआ, लोग जान बचा के भागे…., दूल्हा और दुल्हन …, VIDEO

leopard in lucknow marriage hall (1)
The Hindi Post

लखनऊ के पारा इलाके में एक शादी समारोह में तेंदुआ घुस गया. शादी में इस बिन बुलाए मेहमान को देख हड़कंप मच गया. आलम यह था कि घराती बराती से लेकर दुल्हा और दुल्हन सभी अपनी जान बचा के भागे. तेंदुए की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद उसे रेस्क्यू किया जा सका. पकड़े जाने से पहले तेंदुए ने जमकर उत्पात मचाया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुद्धेश्वर रिंग रोड पर एमएम लॉन में बुधवार रात अक्षय और ज्योति की शादी का समारोह चल रहा था. रात करीब 10 बजे जब बारात गेस्ट हाउस पहुंची थी. इसके बाद द्वारचार हुआ और जैसे ही पंडित जी ने मंत्र पढ़ना शुरू किया था उसी समय कुछ शोर सुनाई दिया. शोर सुन कर शादी में शामिल सभी लोग हड़बड़ा गए. थोड़ी में पता चला कि वहां एक तेंदुआ घुस आया था. इससे डर का माहौल हो गया और लोग इधर उधर भागने लगे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लॉन के मालिक रहमान और शादी में आए हरसेवक प्रसाद द्विवेदी ने लॉन में तेंदुए के होने के सूचना पुलिस को दी थी.

डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा, “जैसे ही हमें सूचना मिली, एक पुलिस टीम मौके पर फौरन भेजी गई और वन विभाग को सूचित किया गया. वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मेहमानों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए समारोह स्थल को खाली कराया. जबकि वन विभाग की एक अन्य टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया.”

डीसीपी ने आगे कहा, “शुरू में कुछ मेहमानों को लगा कि शायद यह कोई शरारत है या कोई आवारा कुत्ता है. लेकिन जैसे ही तेंदुआ भीड़ की ओर बढ़ा दहशत फैल गई. इस अफरा-तफरी में दो कैमरामैन गिर कर घायल हो गए.”

तेंदुए को रेस्क्यू करने का वीडियो भी सामने आया है जिसमें वन विभाग की टीम सुरक्षा उपकरणों के बिना तेंदुए को पकड़ने की कोशिश करती नजर आ रही है. हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को रात के करीब 3:30 बजे रेस्क्यू किया जा सका. रिहायशी इलाके में तेंदुए की घटना से स्थानीय लोग दहशत में हैं.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!