रेप से बचने के लिए महिला बिल्डिंग से कूदी..

Rape Depression volkan-olmez-wESKMSgZJDo-unsplash

प्रतीकात्मक फोटो

The Hindi Post

केरल के कोझिकोड से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक महिला ने कथित रेप के प्रयास से बचने के लिए होटल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, 29 वर्षीय महिला का होटल मालिक और स्टाफ के दो सदस्यों ने कथित तौर पर रेप करने का प्रयास किया था. इससे डरी महिला पहली मंजिल से कूद गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

कूदने से महिला की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई हैं. उनको इलाज के लिए कोझिकोड गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. उनका इलाज चल रहा है. इस मामले के तीनों आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उनको पकड़ने की कोशिश कर रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला होटल में काम करती थी और इसी होटल के मालिक पर रेप के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है.

महिला के परिजनों ने मंगलवार को एक वीडियो जारी किया. इस वीडियो में महिला बचने का प्रयास करती हुई दिख रही है. महिला हमलावरों से खुद को छोड़ देने की गुहार लगाती हुई भी नजर आ रही है.

पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया, “मैं शनिवार रात करीब 10.30 बजे अपने मोबाइल फोन पर गेम खेल रही थी. इस दौरान मुझसे अंजाने में फोन का कैमरा चालू हो गया. इसमें मुझ पर हुए हमले का वीडियो रिकॉर्ड हो गया.”

मोबाइल कैमरे की यह रिकॉर्डिंग इस मामले में काफी अहम सबूत माना जा रहा है. पुलिस ने होटल मालिक और दो कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी होटल व्यवसायी को पुलिस ने त्रिशूर जिले से पकड़ लिया है. एसएचओ अंशद एस ने बताया, “मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!