“हमारा मुख्यमंत्री झूठा है…. वह पद के काबिल नहीं….. “: महाकुंभ में मची भगदड़ पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने दिया बड़ा बयान

Swami 4 (1) (1)

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

महाकुंभ में मची भगदड़ पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने सीएम योगी से इस्तीफे की मांग कर डाली है. प्रयागराज में परमधर्म संसद में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने यह बड़ी बात कही.

उन्होंने कहा, “हमारे साथ धोखा हुआ है. हमसे सरकार द्वारा कहा गया कि कोई मौत नहीं हुई है. हिंदू धर्म में नियम है जब कोई मर जाता है, विशेष कर इस प्रकार की घटनाओं में तो कोई भोजन नहीं करता है. उपवास रखता है. घटना तो हो गई है लेकिन पीड़ा इस बात की है कि घटना को हमसे छिपाया गया. हमारा मुख्यमंत्री झूठा है. ऐसे मुख्यमंत्री को कुंभ पर्व के रहते-रहते इस्तीफा दे देना चाहिए. वह पद के काबिल नहीं हैं.”

इसके आगे उन्होंने कहा, “हम मुख्यमंत्री का सोशल मीडिया देख रहे थे. उन्होंने मौनी अमावस्या की बधाई दी और फिर अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा. पूरी दुनिया भगदड़ के बारे में दिन भर बताती रही लेकिन मुख्यमंत्री ने शाम को बताया. इस व्यक्ति ने हमें मृत आत्माओं के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए उपवास रखने तक का मौका नहीं दिया. कल का भोजन हमें सदा-सदा के लिए याद रहेगा. किसी को कहीं आने-जाने नहीं दिया जा रहा था. इसलिए हम स्वयं जाकर घटना का पता नहीं कर सकते थे.”

गौरतलब है कि बीते दिन मौनी अमवास्या पर महाकुंभ के संगम नोज के पास भगदड़ मच गई थी. इस हादसे में 30 लोगों की मौत का आंकड़ा सरकार की ओर से जारी किया गया था. मृतकों की संख्या को लेकर विपक्षी राजनीतिक दल सरकार और प्रशासन पर निशाना साध रहे हैं. ऐसे में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा मुख्यमंत्री को इस्तीफे की नसीहत ने सनसनी मचा दी है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!