वरिष्ठ एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या

Baba Siddique (1)

बाबा सिद्दीकी (फाइल फोटो | क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

मुंबई | राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई हैं. इस वारदात को निर्मल नगर (बांद्रा ईस्ट) में अंजाम दिया गया. बाबा सिद्दीकी की हत्या से हड़कंप मच गया हैं.

जानकारी के अनुसार, बाबा सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन लोग घात लगाकर छुपे हुए थे. जैसे ही वह कार्यालय से बाहर आए उन पर अंधाधुंध फायरिंग की गई. उन्हें तीन गोलियां लगी. एक गोली उनके पेट में लगी.

पास में खड़े उनके एक सहयोगी को भी पैर में गोली लगी हैं. घटना रात करीब 9.30 बजे की है. हमलावर गोली मारकर मौके से फरार हो गए. बाबा सिद्दीकी को तुरंत बांद्रा पश्चिम स्थित लीलावती अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

शुरू में लोगों को इस वारदात का पता नहीं चला. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि दशहरा त्यौहार होने के कारण लोग पटाखे जला रहे थे. इस कारण गोली चलने की आवाज का ठीक से पता नहीं चला. पर गोली लगने से बाबा सिद्दीकी गिर गए थे. इससे जानकारी हुई कि उन्हें कुछ हुआ हैं. फिर पता चला कि उन्हें गोली मारी गई हैं.

 

इस वारदात का पता चलने पर राकांपा, कांग्रेस और महायुति के नेता तथा बड़ी संख्या में बाबा सिद्दीकी के समर्थक अस्पताल पहुंच गए. बाबा के विधायक बेटे जीशान बी. सिद्दीकी, उनके करीबी दोस्त और बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त सहित अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचे.

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, गोलीबारी के तुरंत बाद अंधेरी पूर्व से दो लोगों को हिरासत में लिया गया हैं और पुलिस की जांच जारी हैं.

अब यह स्पष्ट नहीं हैं कि बाबा सिद्दीकी की हत्या क्यों की गई.

बाबा सिद्दीकी दशकों तक कांग्रेस से जुड़े रहे. वह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुनील दत्त और उनकी बेटी प्रिया दत्त के करीबी थे. बाबा 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले फरवरी में अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे.

चर्चा है कि उनके बेटे जीशान भी आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़ सकते हैं.

महा विकास अघाड़ी (एमवीए) नेताओं ने सिद्दीकी की सनसनीखेज हत्या के लिए महायुति सरकार की आलोचना की है और उपमुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग की है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!