डॉक्टर की नृशंस हत्या : ड्रेसिंग कराने के बहाने हॉस्पिटल आए बदमाशों ने डॉक्टर को मारी गोली, मौत

Nima Hospital IANS (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली के जैतपुर के कालिंदी कुंज इलाके में एक निजी अस्पताल में गुरुवार को डॉक्टर की हत्या कर दी गई. अस्पताल में घुस कर इस वारदात को अंजाम दिया गया. डॉक्टर को गोली मारी गई जिससे उनकी मौत हो गई.

मृतक की पहचान डॉ. जावेद अख्तर (55) के रूप में हुई है. वह नीमा अस्पताल में यूनानी डॉक्टर थे. पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद जिला अपराध टीम और एफएसएल रोहिणी टीम घटनास्थल पर पहुंची.

अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि दो नाबालिग चिकित्सा केंद्र (मेडिकल फैसिलिटी) में आए. यह रात एक बजे की बात. उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग करवानी है. दोनों हमलावरों में से एक का बुधवार को पैर में चोट का इलाज किया गया था.

कर्मचारियों ने बताया कि इसके बाद नाबालिगों ने डॉक्टर अख्तर से मिलने की बात कही. वे उनके केबिन में चले गए. फिर केबिन से गोली चलने की आवाज आई. जब कर्मचारियों ने केबिन में झांकातो वे हैरान रह गए. नीमा अस्पताल के कंपाउंडर आबिद ने बताया कि डॉ. अख्तर के सिर में गोली लगी थी. डॉक्टर अख्तर की मौत हो गई थी.

पुलिस ने कहा कि यह लक्षित हत्या का मामला हो सकता है. संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.

इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) नेता सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार और उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर निशाना साधते हुए कहा, “दिल्ली अपराध की राजधानी बन गई है. गैंगस्टर आसानी से काम कर रहे हैं. जबरन वसूली, गोलीबारी और रोजाना हत्याएं हो रही हैं.”

सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, “दिल्ली में हर दिन गोलियां चल रही हैं. दिल्ली के उपराज्यपाल पूरी तरह से चुप हैं. न तो उन्होंने विधायकों से मिलने का समय दिया और न ही किसी पुलिस स्टेशन का दौरा किया. दिल्ली पुलिस केंद्र को रिपोर्ट करती है, दिल्ली सरकार को नहीं.”

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!