लखीमपुर खीरी हिंसा मामला: पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट ने दिया फैसला
नई दिल्ली | सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा को 2021 के लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में दी गई अंतरिम जमानत को नियमित जमानत में बदल दिया.
इस मामले में अब तक 117 गवाहों में से केवल सात के ही बयान लिए गए हैं. जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने निचली अदालत से कार्यवाही में तेजी लाने को कहा.
पहले दी गई अंतरिम जमानत को नियमित जमानत में बदलते हुए पीठ ने आशीष मिश्रा को लखनऊ या दिल्ली में ही रहने का निर्देश दिया.
पिछले साल सितंबर में शीर्ष अदालत ने आशीष मिश्रा की जमानत की शर्त में थोड़ी ढील दी थी. कोर्ट ने आशीष मिश्रा को यह इजाजत दे दी कि थी वह बेल की अवधि के दौरान दिल्ली में ही रहेगा. कोर्ट ने इस बात पर विचार किया था कि आशीष मिश्रा की मां दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थी और उसकी बेटी को भी इलाज की जरूरत थी.
कोर्ट ने आशीष मिश्रा को आदेश दिया था कि वह दिल्ली में किसी भी सार्वजनिक समारोह में भाग नहीं लेगा या किसी भी ऐसे मुद्दे के संबंध में मीडिया से बात नहीं करेगा जो (कोर्ट में) विचाराधीन हो.
जनवरी 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने मिश्रा को अंतरिम जमानत देते हुए कई शर्तें लगाई थी. कोर्ट ने कहा था कि आशीष मिश्रा को अपनी रिहाई के एक सप्ताह के अंदर उत्तर प्रदेश छोड़ना होगा, वह यूपी या दिल्ली/एनसीआर में नहीं रह सकता, उसे अपने रहने के स्थान के बारे में अदालत को बताना होगा और उसके परिवार के सदस्यों या वह खुद आशीष गवाहों को प्रभावित नहीं करेगा. ऐसा करने पर उसकी जमानत को रद्द कर दिया जाएगा.
अदालत ने कहा था कि मिश्रा को अपना पासपोर्ट सरेंडर करना होगा. वह मुकदमे की कार्यवाही में शामिल होने के अलावा यूपी में प्रवेश नहीं कर सकेगा. इसके अलावा कोर्ट ने कहा था कि अभियोजन पक्ष, एसआईटी, मुखबिर या पीड़ितों के परिवार का कोई भी सदस्य अंतरिम जमानत की शर्तों के दुरुपयोग की जानकारी तुरंत शीर्ष अदालत को दे सकते हैं.
बता दे कि अक्टूबर 2021 में लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया में भड़की हिंसा में आठ लोगों की मौत हो गई थी. उस दौरान किसान यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे का विरोध कर रहे थे.
यूपी पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, चार किसानों को एक एसयूवी ने कुचल दिया था. इस एसयूवी में आशीष मिश्रा बैठा हुआ था.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
