घर आए रिश्तेदार ने महिला से किया रेप, पीड़िता के पति ने की आत्महत्या
प्रतीकात्मक इमेज
यूपी के आगरा से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला से उसके रिश्तेदार ने कथित तौर पर रेप किया. जब महिला के पति को इस बारे में पता चला तो वह परेशान हो उठा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परेशान युवक ने जहर खा लिया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया पर उसे बचाया नहीं जा सका.
यह पूरा मामला आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी थाना इलाके के एक गांव का बताया जा रहा है.
बेटे की मौत हो जाने से पिता दुखी हैं. उन्होंने फतेहपुर सीकरी थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद से स्थानीय लोग हैरान है. घर आए रिश्तेदार के ऐसा घिनौना काम कर देने से हर कोई नाराज है. जहर खाकर खुद की जान देने वाले व्यक्ति के पिता ने मीडिया को बताया कि उनके बेटे की मौत रिश्तेदार गिर्राज के कारण हुई. वो ही उनके बेटे की मौत का जिम्मेदार है.
पीड़ित पिता ने जो मामला दर्ज कराया है, उसके अनुसार, गिर्राज धौलपुर निवासी उनका रिश्तेदार है. आरोपी 28 मई को उनके घर आया था. तभी अवसर पाकर उसने उनकी बहू (बेटे की पत्नी) के साथ रेप किया.
जब बेटे को इस बात का पता चला तो वो परेशान हो गया और अवसाद में चला गया. इसी बीच 30 मई को उसने जहर खा लिया.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने मृतक की पिता की तहरीर पर रेप और खुदकुशी के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है और जांच जारी है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
