मॉल में धोती पहन कर पहुंचा बुजुर्ग किसान, नहीं मिली एंट्री, राज्य सरकार ने मॉल को किया सात दिन के लिए बंद

Shopping Mall Deposit Photos (1)

सांकेतिक तस्वीर

The Hindi Post

बेंगलुरु | कर्नाटक के बेंगलुरु शहर के प्रसिद्ध जीटी मॉल पर सरकार ने एक्शन ले लिया है. एक किसान को मॉल में प्रवेश न दिए जाने के मामले पर सिद्धारमैया सरकार ने मॉल को सात दिनों के लिए बंद रखने का आदेश दिया है.

दरअसल, कुछ दिन पहले एक किसान अपने बेटे के साथ जीटी मॉल में फिल्म देखने आए थे. लेकिन बुजुर्ग किसान के धोती पहने होने के कारण उन्हें मॉल में एंट्री नहीं दी गई. सुरक्षाकर्मियों ने किसान को वहां से वापस जाने के लिए कह दिया.

देश के अन्नदाता के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार हैरान करने वाला रहा. किसान के साथ इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, और लोगों ने इसका काफी विरोध किया.

इस मुद्दे को कर्नाटक विधानसभा सत्र में भी उठाया गया. कर्नाटक के शहरी विकास मंत्री बिरथी सुरेश ने मॉल प्रबंधन के खिलाफ एक्शन का आश्वासन दिया.

गुरुवार को कर्नाटक विधानसभा में उन्होंने कहा, ”मैंने इस मामले में बेंगलुरु महानगर पालिका को मॉल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं. सरकार ने मॉल को सात दिनों तक बंद करने का आदेश दिया है.”

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को इस मुद्दे को उठाया था और मॉल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की था.

विपक्ष के नेता आर. अशोक ने कहा था कि सरकार को बिना किसी देरी के कार्रवाई करनी चाहिए.

समाज कल्याण मंत्री एच.सी. महादेवप्पा ने कहा था कि घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा, “किसी व्यक्ति की गरिमा और स्वाभिमान सबसे ऊपर है. इसे ठेस नहीं पहुंचाई जा सकती.”

बात मंगलवार शाम की है जब हावेरी जिले के रहने वाले 70 वर्षीय किसान फकीरप्पा अपने बेटे नागराज और पत्नी मल्लम्मा के साथ बेंगलुरु के मगदी रोड स्थित जीटी वर्ल्ड मॉल पहुंचे थे. पर उन्हें मॉल में एंट्री नहीं दी गई थी. ऐसा इसलिए हुआ था क्योंकि फकीरप्पा ने धोती पहनी हुई थी.

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया था. इसके बाद मॉल प्रबंधन ने माफी मांग ली थी. साथ ही मॉल में एंट्री नहीं देने वाले सुरक्षा गार्ड ने भी माफी मांगते हुए अफसोस जताया था.

फकीरप्पा अपने परिवार के साथ एक कन्नड़ फिल्म देखने आए थे. उनके पास फिल्म की टिकट्स भी थी पर उन्हें मॉल के अंदर जाने नहीं दिया गया था.

IANS/Hindi Post Web Desk

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!