100 लाओ, सरकार बनाओ! यूपी बीजेपी में खटपट के बीच अखिलेश यादव का मानसून ऑफर
लखनऊ | उत्तर प्रदेश का सियासी पारा इन दिनों चढ़ा हुआ है. भाजपा में चल रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने एक ऑफर दिया है. कहा है, मानसून ऑफर है -100 लाओ और सरकार बनाओ.
गुरुवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा में राजनीतिक चर्चाओं के बीच सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर कहा कि मानसून ऑफर है-100 लाओ और सरकार बनाओ. उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.
बताया जा रहा है कि उनकी यह बयानबाजी भाजपा की तरफ से चल रही राजनीतिक हलचल को लेकर दी जा रही है. इसके साथ ही तरह-तरह की राजनीतिक चर्चाओं के बीच दिल्ली से केशव प्रसाद मौर्य के लखनऊ लौटने पर अखिलेश ने कटाक्ष किया है कि लौट के बुद्धू घर को आए.
ज्ञात हो सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को मीडिया को संबोधित करते हुए बयान दिया था कि यूपी में भाजपा सरकार कमजोर हो गई है. इसलिए ये लोग अपने फैसले वापस ले रहे हैं. भाजपा के लोगों ने कुर्सी की लड़ाई में सब खत्म कर दिया. इन लोगों ने कुर्सी के चक्कर में जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया है.
अखिलेश यादव के इस बयान पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने जवाब दिया कि सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव जी, भाजपा की देश और प्रदेश दोनों जगह मजबूत संगठन और सरकार है. सपा का पीडीए धोखा है. यूपी में सपा के गुंडाराज की वापसी असंभव है. भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव में 2017 दोहरायेगी.
अखिलेश यादव के आज के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है. भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “मैं उनसे यही कहना चाहूंगा, सौ लाओ नहीं, पहले अपना मूलधन बचाओ. जिस वोट बैंक के चक्कर में दो लड़के साथ आए थे, अब एक लड़का, बड़ा हो गया है. वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हो गए हैं. पहले अपना वोट बैंक बचाओ, तब अपना ज्ञान दो.”
IANS/Hindi Post Web Desk
