3000-4000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान से टकराया गिद्ध, 175 यात्री….
रांची | रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार को इंडिगो के एक विमान की आपात लैंडिंग हुई. दरअसल, विमान से एक गिद्ध टकरा गया था. इस कारण विमान की आपात लैंडिंग कराने की जरुरत पड़ी.
पटना से कोलकाता वाया रांची की यह फ्लाइट जिस वक्त पक्षी से टकराई उस वक्त वह करीब तीन से चार हजार फीट की ऊंचाई पर थी. टक्कर के बाद विमान करीब 40 मिनट तक हवा में रहा.
पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए प्लेन की रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुरक्षित तरीके से लैंडिंग कराई.
इंडिगो के इस विमान (एयरबस-320) पर क्रू मेंबर्स सहित 175 यात्री सवार थे. पक्षी के विमान से टकराने के बाद यात्री दहशत में आ गए थे. विमान के क्रू मेंबर्स ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पायलट सुरक्षित लैंडिंग की भरपूर कोशिश कर रहे हैं.
दोपहर करीब 2 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो सकी. इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली.
एयरपोर्ट के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पायलट ने कौशल का परिचय देते हुए विमान की आपात लैंडिंग कराई. किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है. गिद्ध के टकराने से विमान को कितनी क्षति हुई है इंजीनियर इसका आकलन करने में जुटे हैं. सुरक्षा जांच और मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी.
IANS
