नाबालिग लड़की को बस स्टॉप छोड़ने के बजाय ले गए जंगल और फिर…

RANCHI GANG RAPE
The Hindi Post

रांची | रांची में एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप की वारदात सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऑटो चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से एक ऑटो, एक बाइक और दो मोबाइल भी जब्त किए गए हैं.

दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने सोमवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी. गिरफ्तार आरोपियों के नाम विनय कुमार साव और बसंत कुमार है.

35 वर्षीय विनय कुमार साव चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपारम गांव का मूल निवासी है और फिलहाल रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत चटकपुर में रहता है. दूसरा आरोपी 32 वर्षीय बसंत कुमार रातू थाना क्षेत्र के हुरहुरी गांव का निवासी है.

बताया गया कि झारखंड के गुमला की रहने वाली लड़की 30 मई को अपने गांव से दिल्ली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने हटिया स्टेशन पहुंची थी. उसी वक्त उसकी मां का फोन आया और उसने दिल्ली जाने का इरादा बदल दिया. वह वापस घर लौटना चाहती थी.

उसने स्टेशन के बाहर एक ऑटो वाले को बताया कि उसे गुमला की बस पकड़ने के लिए ललगुटवा जाना है. ऑटो चालक ने किराया तय करने के बाद लड़की को ऑटो पर बिठा लिया, लेकिन उसने ललगुटवा के बजाय दूसरी तरफ ले जाने लगा. लड़की ने रास्ता बदलने पर एतराज जताया तो उसने कहा कि ऑटो से ही उसे उसके गांव तक छोड़ देगा.

इसके बाद ऑटो चालक उसे चान्हों थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव के एक जंगल में ले गया. यहां ऑटो चालक और उसके साथी ने लड़की से गैंगरेप किया और 31 मई को तड़के करीब चार बजे रातू थाना क्षेत्र के मुरगू स्थित मंत्री होटल के पास छोड़ दिया और वहां से भाग निकले.

कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि मंत्री होटल के पास एक लड़की बदहवास पड़ी है. पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को अपने साथ थाना ले गई. पीड़िता ने पुलिस को आपबीती बताई.

इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल सेल की मदद ली और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में डीएसपी अरविंद कुमार, रातू थाने के पुलिस इंस्पेक्टर राम नारायण सिंह, एसआई प्रियंका कुमारी एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!