युवकों ने स्कॉपियो से पुलिस बैरिकेड को बांधकर घसीटा, वीडियो किया वायरल, अब….

Noida News June 3 1 (1)

कार से पुलिस बैरिकेड को घसीटते हुए युवक ( फोटो क्रेडिट :आईएएनएस )

The Hindi Post

ग्रेटर नोएडा | ग्रेटर नोएडा की थाना दनकौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर की गई है. पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की महिन्द्रा स्कॉर्पियो कार भी बरामद कर ली है.

दरअसल आरोपियों द्वारा घटित फरवरी की घटना का एक वीडियो 31 मई 2025 को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में दो व्यक्ति कार से पुलिस के बैरिकेड को रस्सी से बांधकर घसीटते हुए नजर आ रहे थे. पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय की है जब आरोपी एक शादी समारोह से लौट रहे थे.

आरोपियों ने जानबूझकर पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के नीचे लगे पुलिस के बैरिकेड को कार से रस्सी के माध्यम से बांधकर घसीटा और उसे नुकसान पहुंचाया. वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने भी यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी. पुलिस की सक्रियता के चलते 2 जून को जेपी स्पोर्ट्स सिटी के मेन रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में निशान्त पंडित, सौरभ पंडित, निवासी ग्राम हबीबपुर थाना ईकोटेक-3 और आर्यकेत, निवासी ग्राम चौगानपुर थाना ईकोटेक-3 शामिल हैं. तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. बरामद महिन्द्रा स्कॉर्पियो कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है.

पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकतें न सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं बल्कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की गंभीर श्रेणी में आती हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इस पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी जिससे अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकी.

पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी ऐसी घटना देखें तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!