कांग्रेस कैंडिडेट ने चुनाव लड़ने से किया इंकार, टिकट वापस किया, भाजपा के इस नेता की राह हुई आसान
भुवनेश्वर | ओडिशा के पुरी से कांग्रेस उम्मीदवार सुचारिता मोहंती ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है. सुचारिता ने चुनाव लड़ने के लिए फंड नहीं मिलने की बात कही है.
उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि केवल फंड की कमी ही हमें पुरी में विजयी अभियान से रोक रही है. मुझे दुख है कि पार्टी फंडिंग के बिना पुरी में अभियान चलाना संभव नहीं होगा. इसलिए, मैं पुरी लोकसभा सीट से अपना कांग्रेस का टिकट लौटा रही हूं.
सुचारिता मोहंती ने अपने पत्र में लिखा, “मैं एक कांग्रेसी महिला हूं और मेरे डीएनए में कांग्रेस के मूल मूल्य हैं. मैं कांग्रेस और अपने नेता जननायक राहुल गांधी की एक वफादार सिपाही बनी रहूंगी.”

सुचारिता मोहंती (फाइल फोटो वाया आईएएनएस)
पुरी लोकसभा सीट से नामित होने के बाद, मोहंती ने क्राउड-फंडिंग के माध्यम से फंड (चंदा) की व्यवस्था करने की भी कोशिश की थी. उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए चंदा मांगते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक यूपीआई क्यूआर कोड और अन्य अकाउंट डिटेल भी शेयर की थी.
मोहंती ने साल 2014 के आम चुनाव में पुरी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन बीजद उम्मीदवार पिनाकी मिश्रा से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा पुरी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं. जबकि सत्तारूढ़ बीजद ने पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त अरूप पटनायक को यहां से मैदान में उतारा है.
Reported By: IANS
Edited By: Hindi Post Web Desk
