राज्यपाल पर महिला ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप, गवर्नर ने भी जारी किया बयान
कोलकाता स्थित राजभवन (गवर्नर हाउस) में कार्यरत एक अस्थायी महिला कर्मचारी ने गुरुवार को राज्यपाल सीवी आनंद बोस पर शील भंग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरुवार दोपहर को राजभवन की अस्थायी कर्मचारी होने का दावा करने वाली एक महिला गवर्नर हाउस के अंदर स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी के पास पहुंची और राज्यपाल आनंद बोस पर उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया.
चौकी प्रभारी ने तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन से संपर्क किया. इसके बाद पुलिस गवर्नर हाउस पहुंची.

बाद में महिला को राजभवन से हेयर स्ट्रीट पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उन्होंने राज्यपाल पर स्थायी नौकरी दिलाने के बहाने ‘छेड़छाड़’ करने का आरोप लगाते हुए एक लिखित शिकायत दी.
राज्यपाल बोस ने इस आरोप को नकारते हुए कहा कि चुनावी लाभ हासिल करने के लिए सत्ताधारी पार्टी (तृणमूल कांग्रेस) ने एक प्रयास किया है.
गुरुवार रात राज्यपाल के कार्यालय द्वारा जारी एक संक्षिप्त बयान में कहा गया, “सच्चाई की जीत होगी. मैं इंजीनियर्ड नैरेिटव से नहीं डरता. अगर कोई मुझे बदनाम करके कुछ चुनावी फायदा चाहता है तो भगवान उनका भला करें. लेकिन वे बंगाल में भ्रष्टाचार और हिंसा के खिलाफ मेरी लड़ाई को नहीं रोक सकते.”
Reported By: IANS
Edited By: Hindi Post Web Desk
