अमित शाह के खिलाफ गांधीनगर लोक सभा सीट से कौन है कांग्रेस उम्मीदवार?
गुजरात की गांधीनगर लोक सभा सीट से भाजपा के कद्दावर नेता और देश के गृह मंत्री अमित शाह चुनावी मैदान में है. अब पार्टी ने अमित शाह को टक्कर देने के लिए गुजरात महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनल पटेल को अपना प्रत्याशी बनाया है.
2019 के लोक सभा चुनाव में कांग्रेस ने अमित शाह के खिलाफ सीजे चावड़ा को चुनाव लड़ाया था. अमित शाह ने 5.57 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी.
अब इस बार सोनल पटेल मैदान में है. पेशे से आर्किटेक्ट और टाउन प्लानर 62 वर्षीय सोनल पटेल का कांग्रेस पार्टी के साथ एक लंबा इतिहास रहा है. उन्होंने कांग्रेस की महिला शाखा का नेतृत्व किया है. वह 2022 के विधानसभा चुनाव में नारणपुरा से चुनाव लड़ी थी लेकिन भाजपा के जीतेंद्र पटेल से हार गई थी.
सोनल पटेल, दिवंगत कांग्रेस नेता रमन पटेल की बेटी भी हैं, और वर्तमान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव के रूप में काम कर रही है.

बता दे कि गुजरात में 26 संसदीय सीटें है. गांधीनगर इनमें से एक सीट है. कांग्रेस के सोमचंदभाई सोलंकी यहां के पहले सांसद थे. 1971 में वह फिर से जीते थे.
1977 में राजनीतिक परिदृश्य बदला. तब लोकसभा के पहले अध्यक्ष गणेश वासुदेव मावलंकर के बेटे पुरूषोत्तम मावलंकर यहां के जीत कर लोक सभा पहुंचे थे. उन्होंने जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था.
1980 में कांग्रेस के अमृत मोहनलाल पटेल जीते थे और 1984 में आईजी पटेल उनके उत्तराधिकारी बने.
1989 के बाद से, यह निर्वाचन क्षेत्र काफी हद तक भाजपा का गढ़ रहा है.
भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी यहां से 1991 में जीते. उसके बाद 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी यहां से जीते पर उन्होंने लखनऊ का रुख कर लिया था. उन्होंने यह सीट छोड़ दी थी. उपचुनाव में विजय पटेल ने फिल्म अभिनेता राजेश खन्ना को हरा दिया था.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
