इंडियन नेशनल लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष की हत्या का मामला: दो शार्पशूटर गिरफ्तार
इंडियन नेशनल लोक दल के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की फाइल फोटो
नई दिल्ली | इंडियन नेशनल लोक दल यानि आईएनएलडी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या मामले में हरियाणा और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने दो शार्पशूटर्स को पकड़ा है. कथित तौर पर ये दोनों ही शूटर इस हत्याकांड में शामिल थे.
आरोपियों की पहचान सौरव और आशीष के रूप में हुई है. दोनों कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग से जुड़े हुए है.
सूत्रों के मुताबिक, दोनों को हरियाणा पुलिस की एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गोवा से पकड़ा है.
झज्जर के पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि दो संदिग्धों के ठिकानों पर हुई रेड के बाद दोनों को यहां लाया गया है.
एसपी ने उक्त मामले के संदर्भ में कहा, “इन लोगों को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस, स्पेशल टास्क फोर्स हरियाणा और झज्जर पुलिस ने संयुक्त प्रयास किए.”
25 फरवरी को दो बार के विधायक राठी की बहादुरगढ़ के झज्जर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बता दें कि जिस वक्त उनकी हत्या की गई थी, उस वक्त वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ थे.
नफे सिंह की हत्या के सिलसिले में बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक और भाजपा नेता नरेश कौशिक सहित बारह लोगों पर मामला दर्ज हुआ था.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
