बड़ा हादसा: अज्ञात वाहन ने ऑटो में मारी टक्कर; नौ की मौत, पांच घायल

Lakhisarai
The Hindi Post

लखीसराय | बिहार के लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इसमें नौ लोगों की मौत हो गई तथा अन्य पांच गंभीर रूप से घायल हो गए.

पुलिस के मुताबिक, यात्रियों को लेकर एक ऑटो, सिकंदरा से लखीसराय की ओर जा रहा था तभी बिहरौर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी. ऐसा बताया जा रहा है कि ऑटो में 13 से 14 लोग सवार थे. हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए.

रामगढ़ चौक थाना के प्रभारी मृत्युंजय कुमार पंडित ने आईएएनएस को बताया कि इस घटना में आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड दिया.

उन्होंने बताया कि घटना की खबर सुनते ही कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. सभी घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेजा गया.

मृत्युंजय कुमार पंडित ने बताया कि सभी मृतक मुंगेर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें पटना रेफर कर दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!