कौन है रोहित गोदारा जिसने ली सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी?
रोहित गोदारा (फाइल फोटो | सोशल मीडिया)
राजस्थान की राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार को हत्या कर दी गई है. बदमाशों ने गोगामेड़ी के घर में घुसकर उन्हें गोलियां मारी. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस हत्या की जिम्मेदारी रोहित गोदारा ने ली है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोदारा – लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा है.
रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट किया, जो वायरल हो रहा है. रोहित गोदारा ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा- “राम राम, सभी भाइयों को मैं रोहित गोदारा कपूरीसर, गोल्डी बरार. भाइयों आज यह जो सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या हुई है, इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हम लेते हैं. यह हत्या हमने करवाई है. भाइयों मैं आपको बताना चाहता हूं कि ये हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग करता था. उनको मजबूत करने का काम करता था. रही बात दुश्मनों की, तो वह अपने घर की चौखट पर अपनी अर्थी तैयार रखें. जल्दी उनसे भी मुलाकात होगी.” पुलिस अब इस वायरल पोस्ट की जांच कर रही है.
अब आपको बताते है कि कौन है रोहित गोदारा. मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो रोहित गोदारा बीकानेर में लूणकरणसर इलाके के कपूरीसर का रहने वाला है. वह साल 2010 से अपराध की दुनिया में है. वह बीकानेर के कालू थाना का हार्डकोर अपराधी है. उस पर गंभीर अपराध के करीब 32 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. कहा जाता है गोदारा अपनी गैंग तो चलाता ही है साथ ही ‘मोनू गैंग’ और ‘गुठली गैंग’ को भी ऑपरेट करता है.
Sukhdev Singh Gogamedi, the national president of Rashtriya Rajput Karni Sena, was shot dead inside his residence in Jaipur today. Rohit Godara Kapurisar, a close aide of Gangster Goldy Brar, and Lawrence Bishnoi claimed responsibility for his murder. #Rajasthan #Jaipur pic.twitter.com/1a2j2xYi3R
— Gagandeep Singh (@Gagan4344) December 5, 2023
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित गोदारा राजस्थान में कारोबारियों से 5 करोड़ से लेकर 17 करोड़ तक की रंगदारी मांग चुका है. उस पर राजस्थान के सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या का भी आरोप है. पिछले साल सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या की जिम्मेदारी रोहित गोदारा ने फेसबुक पोस्ट के जरिए ही ली थी. उस दौरान गोदारा ने कहा था कि आनंदपाल सिंह और बलवीर बानूड़ा की मौत का बदला लिया गया है.
यही नहीं, पंजाबी सिंगर सिद्धू मुसेवाला की हत्या में भी रोहित गोदारा का नाम आया था. रोहित गोदारा सिद्धू मुसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के लिए काम करता है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित गोदारा 13 जून 2022 को दिल्ली से फर्जी पासपोर्ट पर दुबई भाग गया था. फर्जी पासपोर्ट में उसने अपना नाम पवन कुमार लिखवाया था. उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है. उस पर 1 लाख का इनाम भी घोषित है. माना जा रहा है कि इस वक्त वो कनाडा में है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
